मॉस्को से उम्मीद भरा संदेश, पुतिन बोले- टकराव खत्म करने की कोशिश तेज

1

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान देते हुए संकेत दिया है कि चार साल से जारी सैन्य संघर्ष अब खत्म होने की दिशा में बढ़ सकता है।

शनिवार को दिए बयान में पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मौजूदा हालात जल्द किसी निष्कर्ष तक पहुंचेंगे और शांति वार्ता के रास्ते खुल सकते हैं। पुतिन ने कहा कि यूरोपीय देशों के कई नेता उनसे बातचीत करना चाहते हैं और वह भी संवाद के लिए तैयार हैं। उन्होंने विशेष रूप से जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का जिक्र करते हुए कहा कि संभावित बातचीत से सकारात्मक नतीजे निकल सकते हैं। उनके मुताबिक, “संवाद आगे बढ़ेगा और इससे शांति की दिशा में रास्ता निकल सकता है।”

युद्ध में भारी जनहानि का दावा

इसी बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस से बाहर संचालित मीडिया आउटलेट ‘मेदुजा’ और ‘मीडियाजोना’ ने एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें दावा किया गया है कि 2025 के अंत तक युद्ध में रूस के करीब 3.52 लाख सैनिक मारे जा चुके हैं।

रिपोर्ट के अनुसार फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से दिसंबर 2025 तक रूस और यूक्रेन दोनों पक्षों के कुल पांच लाख से ज्यादा सैनिकों की मौत हुई है। इसमें रूसी सैनिकों की संख्या अधिक बताई गई है।

हालांकि रूस के आधिकारिक रिकॉर्ड में अब तक करीब 2.18 लाख सैनिकों की मौत दर्ज होने की बात कही गई है। स्वतंत्र मीडिया संगठनों के दावे और सरकारी आंकड़ों में बड़ा अंतर नजर आ रहा है।

रूस के लिए बढ़ती चिंता

यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है जब रूस द्वितीय विश्व युद्ध में जीत की 81वीं वर्षगांठ मना रहा है। लगातार बढ़ती सैन्य मौतों के आंकड़े रूस के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय से जारी युद्ध ने रूस और यूक्रेन दोनों की सैन्य और आर्थिक स्थिति पर गहरा असर डाला है। ऐसे में यदि रूस और यूरोपीय देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ती है, तो आने वाले समय में युद्धविराम या शांति समझौते की दिशा में नई पहल देखने को मिल सकती है।

Comments are closed.