डोभाल की मास्को में रूस के उप प्रधानमंत्री से मुलाकात, रक्षा व अंतरिक्ष सहयोग पर हुई चर्चा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने शुक्रवार को मास्को में रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक हालात पर भी चर्चा हुई और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई गई।
डोभाल ने मास्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंच के दौरान म्यांमार के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टिन आंग सान से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने सुरक्षा, रक्षा, संपर्क और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की।
जानकारी के मुताबिक, म्यांमार के एनएसए जुलाई में होने वाली 5वीं बिम्सटेक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बैठक में भाग लेने के लिए भारत का दौरा करेंगे।
इससे पहले अजीत डोभाल ने रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु से भी मुलाकात की। अपने दौरे के दौरान उन्होंने रूस के राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र का निरीक्षण किया और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद रूसी अंतरिक्ष दल से बातचीत भी की।
Comments are closed.