राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच निर्णायक चरण में पहुंच गई है।
बुधवार सुबह पुलिस ने जेल में बंद आरोपी करुणेश पाण्डेय, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्र को 40 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी। तीनों से गुरुवार रात 10 बजे तक लगातार पूछताछ की जाएगी। जांच अधिकारियों का कहना है कि अब तक की पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान चोरी की रकम और उससे खरीदी गई अन्य संपत्तियों को लेकर महत्वपूर्ण बरामदगी हो सकती है।
इससे पहले पुलिस इस मामले के एक अन्य आरोपी अविनाश को भी रिमांड पर ले चुकी है। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदी गई एक कार बरामद की गई थी।
इधर, मंगलवार देर रात पुलिस ने अनुकल्प मिश्र के चाचा रामेंद्र मिश्र और इनायतनगर के एक सर्राफा कारोबारी से भी पूछताछ की। इसके अलावा सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने इलाके के कुछ निर्माण सामग्री विक्रेताओं से भी जानकारी जुटाई। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या अनुकल्प के बहनोई लवकुश मिश्र के मकान निर्माण में चोरी की रकम का इस्तेमाल किया गया था।
इनायतनगर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि साइबर सेल की टीम ने संबंधित लोगों से पूछताछ की। आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अब पुलिस रिमांड के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Comments are closed.