मलबे में 8 दिन तक जिंदगी की जंग, भारतीय मेडिकल टीम की मदद से बची जान

1

वेनेजुएला में भारतीय मेडिकल टीम बनी उम्मीद की किरण, भूकंप पीड़ितों ने की जमकर सराहना; 8 दिन बाद मलबे से जिंदा निकला शख्स

भूकंप से तबाह वेनेजुएला में राहत और बचाव कार्यों के बीच भारत की मेडिकल टीम लोगों के लिए बड़ी उम्मीद बनकर उभरी है। ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत स्थापित फील्ड हॉस्पिटल में इलाज करा रहे मरीजों ने भारतीय डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाओं की खुलकर सराहना की है। यह अस्पताल भूकंप प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फील्ड हॉस्पिटल की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इनमें मरीज भारतीय मेडिकल टीम की देखभाल और इलाज की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।

ला गुएरा के प्लाया ग्रांडे निवासी एक घायल ने बताया कि भूकंप में उसकी हड्डी दो जगह से टूट गई थी। उसने कहा, “अस्पताल पहुंचते ही मेरा इलाज शुरू कर दिया गया। रात में मेरा ऑपरेशन होना है। यहां डॉक्टरों ने तुरंत मदद की और पूरा ध्यान रखा।”

हाथ में चोट का इलाज कराने आए एक अन्य मरीज ने कहा कि भारतीय डॉक्टरों के उपचार के बाद अब उसे दर्द से काफी राहत मिल गई है। उसने मेडिकल टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि कई दिनों से हो रही तकलीफ अब लगभग खत्म हो चुकी है।

इस बीच, वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि 24 जून को आए विनाशकारी भूकंपों में अब तक 2,295 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11,267 लोग घायल हुए हैं। राहत एजेंसियां अब तक 6,461 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल चुकी हैं और प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान लगातार जारी है।

आठ दिन बाद मलबे से जिंदा निकला सिक्योरिटी गार्ड

भूकंप के आठ दिन बाद राहतकर्मियों को बड़ी सफलता मिली। गुरुवार को अल साल्वाडोर और चिली की संयुक्त सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने ला गुएरा स्थित एक शॉपिंग मॉल के मलबे में दबे 44 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड को जीवित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू अभियान सफल होते ही मौके पर मौजूद बचाव दल के सदस्यों ने खुशी जताई। चिली के एक रेस्क्यू कर्मी ने स्ट्रेचर उठाते हुए जीत का इशारा किया, जबकि कोस्टा रिका रेड क्रॉस के सदस्य भावुक होकर एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए। आसपास मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बचाव दल का उत्साह बढ़ाया। आठ दिन बाद किसी व्यक्ति का जीवित मिलना राहत अभियान की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।

Comments are closed.