Bank Strike Postponed: 28-30 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक, जानें क्यों टली तीन दिन की हड़ताल
बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को टाल दिया है। अब इन तीनों दिनों में देशभर की बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं मिलती रहेंगी।
हड़ताल का समय बैंकों के लिए अहम था, क्योंकि सितंबर महीने की छमाही क्लोजिंग इसी अवधि में होती है। हड़ताल होने पर बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता था।
क्यों टली बैंक हड़ताल?
UFBU ने रविवार को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया। यूनियनों के मुताबिक, उनकी प्रमुख मांगों पर आगे बातचीत का भरोसा मिलने के बाद विरोध कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया गया है।
यूनियनों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित पांच दिवसीय बैंकिंग वीक लागू करना शामिल है। मौजूदा व्यवस्था में रविवार के अलावा दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं।
पांच दिन के वर्किंग वीक पर बनेगी कमेटी
IBA और UFBU के बीच बनी सहमति के तहत बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी। इसमें दोनों पक्षों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
PTI के अनुसार, कमेटी पांच दिवसीय बैंकिंग वीक से जुड़े सभी विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित हितधारकों से चर्चा करेगी। इसके बाद समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
PLI स्कीम पर भी होगी चर्चा
UFBU और IBA के बीच स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू Performance Linked Incentive (PLI) स्कीम को लेकर भी बातचीत होगी।
यूनियन के मुताबिक, PLI स्कीम में संभावित बदलावों पर IBA के साथ चर्चा की जाएगी। इसके बाद यूनियनों और बैंक अधिकारी संगठनों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार के सामने प्रस्ताव रखा जा सकता है।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्ष बातचीत करेंगे।
पहले क्यों किया गया था हड़ताल का ऐलान?
UFBU ने पहले 28-30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की थी। इसके बाद कई बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी थी कि वे हड़ताल के दौरान होने वाली संभावित परेशानी से बचने के लिए जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें।
यूनियनों का कहना था कि सरकार के साथ हुए समझौतों में शामिल कुछ मुद्दों पर लंबे समय से कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर उन्होंने तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया था।
इस हफ्ते कब बंद रहेंगे बैंक?
हड़ताल टलने के बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक खुले रहेंगे। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे।
3 अक्टूबर पहला शनिवार है, इसलिए इस दिन बैंक खुले रहेंगे। हालांकि अक्टूबर में त्योहारों के चलते अलग-अलग राज्यों में बैंक की छुट्टियां अलग हो सकती हैं। बैंक जाने से पहले ग्राहक अपने राज्य की छुट्टियों की सूची जरूर देख लें।
Comments are closed.