LPU में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, 20 घंटे हाईवे जाम; 10 दिन क्लासेज बंद, 5 गिरफ्तार
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की एक छात्रा से कथित रेप के दावे के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने करीब 20 घंटे तक जालंधर-फगवाड़ा हाईवे को जाम रखा, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रदर्शन के बीच LPU प्रशासन ने अगले 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस से निकलकर अपने घरों की ओर रवाना होने लगे।
छात्रों को लेने कैंपस पहुंचे परिजन
स्थिति को देखते हुए कई छात्रों के माता-पिता उन्हें लेने के लिए यूनिवर्सिटी पहुंचे। कैंपस के बाहर बड़ी संख्या में छात्र सामान लेकर अपने परिजनों के साथ घर जाते दिखाई दिए।
5 युवक गिरफ्तार, वॉकी-टॉकी और दरांती बरामद
पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। 27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर ने बताया कि गिरफ्तार युवकों के पास से एक दरांती जैसे हथियार और एक वॉकी-टॉकी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे कहां से आए थे और प्रदर्शन के दौरान उनकी क्या भूमिका थी।
रेप के दावे के बाद शुरू हुआ था प्रदर्शन
LPU में छात्रा से कथित रेप के दावे के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शन बढ़ने के साथ स्थिति तनावपूर्ण हो गई और छात्रों ने हाईवे पर भी जाम लगा दिया। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
Comments are closed.