US दूतों के लौटते ही फिर गरजा रूस, तीन दिन की रोक के बाद यूक्रेन पर हमले तेज

1

तीन दिन की अस्थायी रोक खत्म होने के बाद रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में फिर ड्रोन हमले शुरू कर दिए।

यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने सोमवार देर रात इसकी जानकारी दी। यह रोक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की रूस और यूक्रेन यात्रा के दौरान लागू की गई थी।

बोरिस्पिल और फास्टिव में ड्रोन हमले

यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने टेलीग्राम पर बताया कि रूसी ड्रोन ने बोरिस्पिल और फास्टिव जिलों को निशाना बनाया। इसके बाद कीव के मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने राजधानी में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने भी पुष्टि की कि कीव पर हमलों में तीन दिन की रोक की अवधि समाप्त हो गई है।

पुतिन ने तीन दिन के लिए रोके थे हमले

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी दूतों की यात्रा के मद्देनजर कीव पर हमले तीन दिनों के लिए रोकने का आदेश दिया था। विटकॉफ और कुशनर ने इस दौरान मॉस्को में पुतिन और बाद में कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच व्यापक युद्धविराम पर कोई सहमति नहीं बन सकी।

शांति वार्ता की उम्मीद बरकरार

हमले दोबारा शुरू होने के बावजूद अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने रूस और यूक्रेन के साथ बातचीत में हुई प्रगति का संकेत दिया है। इससे रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच तीन-पक्षीय शांति वार्ता दोबारा शुरू होने की संभावना बढ़ी है। क्रेमलिन ने भी कहा है कि ऐसी वार्ता फिर शुरू करने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

हालांकि, कीव पर हमलों की वापसी यह दिखाती है कि कूटनीतिक प्रयासों के बीच भी जमीन और हवाई मोर्चे पर संघर्ष जारी है।

Comments are closed.