Dilip Kumar Jaiswal अब खुद राजस्व विभाग के कामकाज की कमान संभालेंगे। विभागीय कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने के लिए मंत्री ने रोजाना तीन जिलों की समीक्षा करने का फैसला लिया है। यह विशेष समीक्षा अभियान 25 मई से शुरू होकर 11 जून तक चलेगा।
समीक्षा बैठकें शाम चार बजे से छह बजे के बीच तीन चरणों में आयोजित होंगी। मंत्री और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मुख्यालय से बैठक करेंगे, जबकि जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों। साथ ही बंदोबस्त पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, अंचलाधिकारी और राजस्व पदाधिकारियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारियों को अद्यतन रिपोर्ट और प्रगति विवरण के साथ बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा के दौरान ऑनलाइन दाखिल-खारिज में लंबित मामलों और डिफेक्ट जांच की स्थिति पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा परिमार्जन प्लस के तहत डिजिटाइज जमाबंदियों के शुद्धिकरण, छूटी हुई जमाबंदियों के डिजिटाइजेशन, ई-मापी, अभियान बसेरा और सरकारी भूमि सत्यापन कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
जिलावार समीक्षा की तिथि
25 मई- पश्चिम चंपारण, सहरसा और वैशाली
26 मई- कटिहार, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज।
27 मई- सुपौल, रोहतास और पटना
29 मई- गया, जहानाबाद और औरंगाबाद।
1 जून- शिवहर, सिवान और बेगूसराय।
2 जून- अररिया, लखीसराय और जमुई।
3 जून- सारण, नवादा और भागलपुर।
4 जून- मुजफ्फरपुर, बक्सर और बांका।
5 जून- भोजपुर, मधेपुरा और अरवल।
8 जून- मुंगेर, पूर्णिया और कैमूर।
9 जून- नालंदा, खगड़िया और समस्तीपुर।
10 जून- मधुबनी, किशनगंज और सीतामढ़ी।
11 जून- दरभंगा और शेखपुरा।
Comments are closed.