पाकिस्तान में TikTok स्टार शमसू बीबी की हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने कार पर की फायरिंग
पाकिस्तान की मशहूर TikTok स्टार शमसू बीबी उर्फ आयशा गिलामाना की टैक्सिला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 28 वर्षीय शमसू बीबी की TikTok पर 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। 14 अगस्त 2026 को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां बरसा दीं, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस शिकायत के मुताबिक, शमसू बीबी के पिता फजल साहिबजादा ने बताया कि कशिश उर्फ काशी नाम के व्यक्ति ने उनकी बेटी को फोन कर घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद वह अपनी 15 वर्षीय बहन असीमा और भाई नैमतुल्लाह के साथ कार से निकलीं।
पेट्रोल पंप के पास बरसाईं गोलियां
नैमतुल्लाह के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास करीब 30-35 साल उम्र के दो युवक मोटरसाइकिल से आए और उनकी कार पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली शमसू बीबी के गले में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी के बाद कार बेकाबू होकर दूसरी गाड़ी से टकरा गई, जिसमें उनकी बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
TikTok पर थीं बेहद लोकप्रिय
परिवार के अनुसार, शमसू बीबी पिछले तीन-चार वर्षों से TikTok वीडियो बना रही थीं। उनके अकाउंट पर 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स और करीब 30-35 मिलियन लाइक्स थे। हत्या के बाद परिवार ने उनका TikTok अकाउंट निष्क्रिय कर दिया।
पैसों के विवाद में धमकी का आरोप
शमसू बीबी के परिवार ने हत्या के पीछे पैसों के लेनदेन को वजह बताया है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के कौसर और जावेद उर्फ शाहीन के साथ वित्तीय लेनदेन थे और रकम वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। परिवार ने इस संबंध में इस्लामाबाद में शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही है।
परिवार को आशंका है कि हत्या इन्हीं लोगों ने या उनके इशारे पर कराई हो सकती है। शिकायत में कशिश उर्फ काशी की भूमिका पर भी संदेह जताया गया है।
Comments are closed.