दिल्ली-NCR में उमस के साथ बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत 19 राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी
मानसून के सक्रिय रहने से देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-NCR में बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
दिल्ली में आंधी-बारिश के आसार
दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश के साथ उमस बनी रह सकती है। हरियाणा के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है।
लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बिहार में भी जमकर बरसेंगे बादल
बिहार के गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, कटिहार, भागलपुर, कैमूर, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और लखीसराय में भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी की चेतावनी है।
बंगाल और पूर्वोत्तर में भारी बारिश
गंगीय पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम में भी तेज बारिश के आसार हैं। असम और मेघालय में अगले सात दिनों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के भी कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
हिमाचल में बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा
हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सप्ताह के अधिकांश दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है।
Comments are closed.