रामनगर के पुछड़ी गांव में तड़के शुरू हुआ बुलडोजर एक्शन, 5 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया जा रहा अतिक्रमण
उत्तराखंड के रामनगर में वन विभाग की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पुछड़ी गांव में सोमवार तड़के करीब 4 बजे पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीमें भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचीं। सुबह 5 बजे से मकानों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस तैनात कर आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
14 सेक्टरों में एक साथ कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के अभियान को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। इन सभी सेक्टरों में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। अभियान की जानकारी मिलने के बाद कई लोगों ने रात में ही अपना सामान बाहर निकाल लिया था। प्रशासन का लक्ष्य करीब पांच हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना है।
सुरक्षा में 525 पुलिसकर्मी और तीन कंपनी PAC
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मौके पर पांच एसपी स्तर के अधिकारियों, छह सीओ, 25 निरीक्षकों और 82 उपनिरीक्षकों समेत कुल 525 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की तीन कंपनियां भी मोर्चा संभाल रही हैं। पूरे इलाके को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में बांटकर छह बैरियर बनाए गए हैं।
SP जगदीश चंद्र संभाल रहे अभियान की कमान
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को पूरे अभियान का प्रभारी बनाया गया है। तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी अलग-अलग जोन की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
फायर सर्विस से QRT तक, सभी टीमें अलर्ट
मौके पर पुलिस और पीएसी के साथ मजिस्ट्रेट तथा वन विभाग के दो डीएफओ, पांच एसडीओ, 14 रेंजर और 240 डिप्टी रेंजर व बीट अधिकारी भी मौजूद हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता, एंटी रॉयट टीम, आंसू गैस दस्ता, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी तैनात किया गया है।
Comments are closed.