मुंबई में बारिश का कहर: बस-रेल सेवाएं प्रभावित, कई फ्लाइट डायवर्ट

0

लगातार चौथे दिन हुई मूसलाधार बारिश ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।

भारी बारिश और जलभराव के कारण रेल, सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। पश्चिमी रेलवे की 40 से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं, जबकि मुंबई आने वाली कई उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय दो दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।

रेल और हवाई सेवाओं पर सबसे ज्यादा असर

लगातार बारिश के चलते पश्चिमी रेलवे की पटरियों पर कई स्थानों पर पानी भर गया, जिससे मुंबई और दक्षिण गुजरात के विभिन्न स्टेशनों पर 20 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों तक फंसी रहीं। पूरे दिन में 40 से ज्यादा ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, कुछ का मार्ग बदला गया, जबकि कई निर्धारित समय से देरी से चलीं। जलमग्न ट्रैक से बचने के लिए कई ट्रेनों को वापी और सूरत जैसे स्टेशनों पर रोक दिया गया, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। सोमवार दोपहर तक मुंबई एयरपोर्ट पर आने वाली कम से कम पांच उड़ानों को खराब मौसम के कारण दूसरे हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया।

मुंबई-पुणे रेल संपर्क और एक्सप्रेसवे भी प्रभावित

कर्जत के पास भूस्खलन के कारण रेलवे ट्रैक पर मलबा आने से मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। उधर, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हाल ही में शुरू किए गए ‘मिसिंग लिंक’ की एक सुरंग में तेज पानी का रिसाव होने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। करीब 18 घंटे बाद यातायात दोबारा बहाल किया गया।

बारिश से जुड़े हादसों में 13 लोगों की मौत

मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार को तीन मंजिला चाल गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

इसके अलावा पुणे की मावल तहसील में भूस्खलन से एक घर दब गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। खेड़ तहसील में पानी से भरी सड़क पार करते समय मोटरसाइकिल सवार दो लोग बह गए। पिंपरी-चिंचवाड़ में दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट स्थित न्हावा शेवा फ्रीपोर्ट टर्मिनल पर खाली कंटेनर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और एक अन्य के घायल होने की भी खबर है।

पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कुल 13 लोगों की मौत हुई है।

रेड अलर्ट, एनडीआरएफ की 17 टीमें तैनात

मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक में बादल फटने और 300 मिमी तक बारिश होने की आशंका जताई है।

संभावित आपदा से निपटने के लिए राज्यभर में एनडीआरएफ की 17 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें मुंबई में चार, जबकि पालघर और नागपुर में दो-दो टीमें शामिल हैं। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की छह अतिरिक्त टीमें भी अलर्ट पर रखी गई हैं।

स्कूल बंद, ट्रैफिक जाम से लोग परेशान

मुंबई के हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी समेत कई निचले इलाकों में सड़कों पर कई फीट तक पानी भर गया। पिछले तीन दिनों में तेज बारिश और हवाओं के कारण शहर में 250 से अधिक पेड़ गिर चुके हैं।

जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि प्रमुख सड़कों पर कई किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम से लोग घंटों तक फंसे रहे।

भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने लोगों से गैरजरूरी यात्रा से बचने और जलप्रपात तथा पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने की अपील की। उन्होंने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने को कहा और निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Comments are closed.