मुजफ्फरपुर को आज ₹1260 करोड़ की सौगात, CM सम्राट चौधरी करेंगे 982 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
मुजफ्फरपुर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर को 1260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने दौरे के दौरान वह नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 1047.09 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 213.25 करोड़ रुपये से तैयार सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना का लोकार्पण भी करेंगे।
इन परियोजनाओं के जरिए शहर में सड़क, जलनिकासी, पार्क, घाट, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं सिकंदरपुर लेक फ्रंट के शुरू होने से शहर को एक नई पर्यटन और मनोरंजन पहचान मिलने के साथ आधुनिक शहरी स्वरूप भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, पुलिस, नगर निगम, बुडको और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों ने देर शाम तक कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सिकंदरपुर लेक फ्रंट और एमआईटी परिसर में सुरक्षा और आयोजन संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए एमआईटी और सिकंदरपुर लेक क्षेत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में अस्थायी नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। डीएम कुमार गौरव के आदेश के मुताबिक शनिवार से रविवार शाम चार बजे तक ड्रोन, बैलून, पैरा मोटर, पैरा ग्लाइडर, हैंड ग्लाइडर समेत सभी तरह की उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
लेक फ्रंट का करेंगे निरीक्षण, जनसभा को भी करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण कर परियोजना का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद एमआईटी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करेंगे और 982 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसी दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
करीब पौने दो घंटे के प्रवास के बाद मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 1:15 बजे पटना के लिए रवाना होंगे। उनके आगमन के लिए पुलिस केंद्र में हेलीपैड भी तैयार किया गया है।
Comments are closed.