होर्मुज में बढ़ा सैन्य तनाव, IRGC की चेतावनी फायरिंग के बाद अमेरिका का जवाबी हमला; दक्षिणी ईरान में कई धमाके
तेहरान: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। ईरान का कहना है कि यह कदम अमेरिकी हस्तक्षेप के जवाब में उठाया गया। इसी दौरान IRGC ने कथित तौर पर निर्धारित मार्ग से बिना अनुमति गुजरने की कोशिश कर रहे एक जहाज पर चेतावनी स्वरूप फायरिंग भी की।
उधर, अमेरिकी सेना ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक व्यापारी जहाज पर हुए हमले के बाद उसने रविवार तड़के ईरान के ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद दक्षिणी ईरान के कई शहरों से विस्फोटों की खबरें आने लगीं।
रॉयटर्स के मुताबिक, सरकारी प्रसारक IRIB ने बंदर अब्बास और सिरिक में धमाकों की पुष्टि की है। वहीं, मेहर न्यूज एजेंसी ने केशम द्वीप पर विस्फोटों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। दूसरी ओर, CNN की रिपोर्ट के अनुसार बुशहर और असलुयेह शहरों में भी धमाके हुए हैं। बुशहर में ईरान का प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है, इसलिए इन घटनाओं पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
मोजतबा खामेनेई ने दी बदले की चेतावनी
इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि “बदला लेना हमारे राष्ट्र की इच्छा है।” उनके इस बयान को अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
वैश्विक तेल बाजार पर पड़ सकता है असर
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां तनाव बढ़ने या आवाजाही बाधित होने की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों, शिपिंग और वैश्विक सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ सकता है।
हालांकि हाल के महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौता (एमओयू) हुआ था, लेकिन गाजा और लेबनान को लेकर जारी घटनाक्रम तथा अमेरिकी भूमिका को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। ताजा घटनाओं ने पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
Comments are closed.