हिंदुस्तानी दवाखाने पर नया बोर्ड लगते ही विवाद, AAP विधायक ने की शिकायत

3

पुरानी दिल्ली में दवाखाने पर लगे ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ बोर्ड पर विवाद

पुरानी दिल्ली के बल्लीमारान स्थित एक सरकारी दवाखाने पर लगाए गए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ बोर्ड को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) आमने-सामने आ गई हैं।

दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि दवाखाने को आयुष्मान भारत योजना में शामिल कर उस पर नया बोर्ड लगाया गया। उनका कहना है कि AAP विधायक इमरान हुसैन ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे सांप्रदायिक मुद्दा बना दिया और अधिकारियों पर दबाव डालकर बोर्ड हटवा दिया। कपूर ने सुझाव दिया कि इस दवाखाने का नाम “हकीम अजमल खां आयुष्मान आरोग्य मंदिर” रखा जा सकता है।

AAP विधायक इमरान हुसैन की आपत्ति
विधायक इमरान हुसैन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर कहा कि यह दवाखाना प्रसिद्ध यूनानी चिकित्सक और स्वतंत्रता सेनानी हकीम अजमल खां की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा है। उन्होंने आग्रह किया कि यहां ऐसा कोई बोर्ड न लगाया जाए जिससे स्थानीय सांस्कृतिक और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। हुसैन ने विशेष रूप से “मंदिर” शब्द पर आपत्ति जताई और कहा कि यह स्थान हमेशा ‘हिंदुस्तानी दवाखाना’ के नाम से जाना गया है।

हकीम अजमल खां का योगदान

  • हकीम अजमल खां एक प्रसिद्ध यूनानी चिकित्सक, समाजसेवी और स्वतंत्रता सेनानी थे।
  • वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे।
  • कहा जाता है कि वे रोगी का चेहरा देखकर ही बीमारी का अनुमान लगा लेते थे।
  • बल्लीमारान का यह दवाखाना उनकी सेवा और चिकित्सा कार्यों का केंद्र रहा है।

Comments are closed.