राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) रविवार से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) 2026 आयोजित करने जा रही है।
यह परीक्षा 11 मई से 31 मई तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित होगी। इस बार परीक्षा के लिए 15,68,866 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।
सीयूईटी-यूजी 2026 का आयोजन देशभर के परीक्षा केंद्रों के अलावा विदेशों के 13 देशों के 14 शहरों में भी किया जाएगा। इनमें यूएई के शारजाह और अबू धाबी, सऊदी अरब का रियाद, कुवैत, नेपाल का काठमांडू, कतर का दोहा, ओमान का मस्कट, बहरीन का मनामा, सिंगापुर, मलेशिया का कुआलालंपुर और अमेरिका का वाशिंगटन डीसी शामिल हैं।
एनटीए के मुताबिक यह दुनिया में आयोजित होने वाली सबसे बड़ी कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तुएं पहनने की अनुमति दी गई है, लेकिन इसके लिए उन्हें जांच प्रक्रिया पूरी करने हेतु परीक्षा केंद्र पर पहले पहुंचना होगा।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि ‘कलावा’ जैसे धार्मिक धागे पहनने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। साथ ही अभ्यर्थियों को सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.