घरेलू गैस की कमी के बीच पटना में अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दो दिनों के भीतर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कुल 58 सिलिंडर जब्त किए गए हैं। एक मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दूसरे में आरोपी पिता-पुत्र फरार बताए जा रहे हैं।
सोमवार देर रात मालसलामी थाना क्षेत्र के पूर्वी नंदगोला टिकिया टोला में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। यहां घरेलू गैस से कमर्शियल सिलिंडर में अवैध रिफिलिंग का काम चल रहा था। छापेमारी में 32 सिलिंडर बरामद हुए, जिनमें 22 घरेलू और 10 कमर्शियल सिलिंडर शामिल हैं।
मौके से 40 रेगुलेटर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान आरोपी रामधनी प्रसाद और उनका बेटा रौशन कुमार फरार हो गए। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा था, जहां गैस को 250 से 300 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा रहा था।
सत्यम सहाय ने बताया कि विशेष टीम बनाकर सहायक आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। टीम में आपूर्ति निरीक्षक शमा फिरोजा भी शामिल थीं। कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इससे पहले आलमगंज थाना क्षेत्र में भी छापेमारी कर 26 सिलिंडर जब्त किए गए थे और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे अवैध कामों की जानकारी कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
Comments are closed.