एक दिन में 52 लाख LPG सिलिंडर की डिलीवरी, डिजिटल बुकिंग 98% तक पहुंची

4

देशभर में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को 51.8 लाख से अधिक घरेलू सिलिंडर वितरित किए गए और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।

रिकॉर्ड डिलीवरी, डिजिटल बुकिंग में बढ़त

मंत्रालय ने बताया कि एक दिन में 52 लाख के करीब सिलिंडर की आपूर्ति हुई, जबकि ऑनलाइन बुकिंग का हिस्सा बढ़कर 98% तक पहुंच गया है। वहीं, डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित सिस्टम लगभग 94% मामलों में लागू हो चुका है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और डायवर्जन पर रोक लगी है।

PNG की ओर शिफ्ट

अब तक 42,500 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने MyPNG पोर्टल के जरिए एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किए हैं। मार्च से अब तक 5.45 लाख नए PNG कनेक्शन जोड़े गए हैं, जबकि 2.62 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है।

कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई भी सुचारु

घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को 4.8 लाख वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर भी वितरित किए गए।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में 2,100 से अधिक छापे मारे गए। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने 310 वितरण केंद्रों पर जुर्माना लगाया, जबकि 70 केंद्रों को निलंबित किया गया।

सरकार की अपील

सरकार ने लोगों से घबराकर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की खरीदारी न करने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।

मंत्रालय ने कहा कि सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, जिससे देश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति निर्बाध बनी हुई है।

Comments are closed.