सऊदी अरब में मिसाइल हमले से मची तबाही, रियाद एयरपोर्ट पर 12 की मौत और 300 से ज्यादा घायल होने का दावा

0

रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले से हड़कंप, 12 लोगों की मौत और 309 घायल; कई उड़ानें रद्द

सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को हुए मिसाइल हमले में 12 लोगों की मौत और 309 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएसीए) ने हताहतों के आंकड़ों की पुष्टि की है। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई गई है।

मृतकों में कई देशों के नागरिक शामिल

सीएसीए के अनुसार, मृतकों में सऊदी अरब के चार नागरिक और बांग्लादेश के दो नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फलस्तीन और सूडान के एक-एक नागरिक की मौत हुई है। हमले में हवाई अड्डे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

एक सप्ताह में कई बार निशाना बना एयरपोर्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई हमले हुए हैं। इससे पहले 6 और 7 अक्टूबर को भी हमले की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें तीन लोगों की मौत और 36 लोग घायल हुए थे।

ताजा घटना के बाद हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस तैनात की गईं। उड़ानों की निगरानी करने वाले आंकड़ों के अनुसार, रियाद आने वाली कुछ उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा।

24 घंटे में 225 उड़ानें रद्द

हमले के बाद हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रियाद एयरपोर्ट पर पिछले 24 घंटों के दौरान 225 उड़ानें रद्द की गईं।

फ्लाईदुबई, लुफ्थांसा समूह और पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस सहित कई विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। अमेरिका ने अपने नागरिकों को हवाई अड्डे और आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

एअर इंडिया की उड़ानों पर भी असर

सऊदी अरब में बदलते सुरक्षा हालात के मद्देनजर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द रखने की अवधि बढ़ा दी है।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 14 अक्टूबर तक और एअर इंडिया की उड़ानें 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। इससे पहले दोनों कंपनियों ने 10 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति संबंधित एयरलाइन से जांच लें।

Comments are closed.