सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर फिर सड़क पर उतरेगी सीजेपी, आज जंतर-मंतर कूच का ऐलान
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने रविवार सुबह 10 बजे एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को आंदोलन की कमान सौंपी है। शिंदे ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
शनिवार को दिल्ली में रही कड़ी सुरक्षा
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। नई दिल्ली जिले की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों की जांच की गई और कई स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, 35 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके।
पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। इसके अलावा, सीजेपी के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली पहुंचने पर विमान के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया। पार्टी नेता रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई।
दिनभर चली कार्रवाई के दौरान करीब 4,000 लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात कही गई। इनमें विपक्षी दलों के नेता और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल थे। कई कार्यकर्ताओं को शाम तक छोड़ दिया गया, जबकि सीजेपी के शीर्ष नेताओं की हिरासत जारी रहने की जानकारी सामने आई।
छात्र संगठनों का नहीं मिला व्यापक साथ
शनिवार को हुई पुलिस कार्रवाई से सीजेपी के प्रदर्शन की योजना प्रभावित हुई। कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस बार आंदोलन को जेन जी और अन्य छात्र संगठनों का व्यापक समर्थन नहीं मिलने की बात भी सामने आई।
मुंबई में भी प्रदर्शन, सैकड़ों लोग हिरासत में
सीजेपी के समर्थन में मुंबई के कई इलाकों में भी प्रदर्शन किए गए। अगस्त क्रांति मैदान और हुतात्मा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, अभिनेता इमरान खान और माकपा कार्यकर्ताओं समेत करीब 400 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली।
हुतात्मा चौक पर प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाले वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं, तुषार गांधी के संगठन ‘हम भारत के लोग’ और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से जुड़े लोग अगस्त क्रांति मैदान में एकत्र हुए थे।
सीजेपी के रविवार को फिर प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सबकी नजर रहेगी।
Comments are closed.