‘मेरे इस्तीफे को दोष स्वीकार करना न समझें’, जस्टिस यशवंत वर्मा ने कहा- मैं पूरी तरह निर्दोष हूं

1

जस्टिस यशवंत वर्मा बोले- इस्तीफे का मतलब आरोप स्वीकार करना नहीं, पद से हटाने की प्रक्रिया अब असंवैधानिक

न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा ने अपने खिलाफ चल रही पद से हटाने की कार्रवाई को लेकर लोकसभा सचिवालय को जवाब भेजा है। उन्होंने कहा है कि हाई कोर्ट के न्यायाधीश पद से इस्तीफा देने के बाद उन्हें हटाने की प्रक्रिया जारी रखने का कोई संवैधानिक औचित्य नहीं है। साथ ही उन्होंने अपने आधिकारिक आवास पर जली हुई नकदी मिलने के मामले में खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है।

लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह को 10 सितंबर को लिखे पत्र में वर्मा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने दलील दी कि इस्तीफे के बाद पद से हटाने के उद्देश्य से शुरू की गई कार्यवाही का आधार समाप्त हो चुका है।

वर्मा ने अपने पत्र में विशेष रूप से कहा कि उनके इस्तीफे को किसी भी आरोप की स्वीकारोक्ति नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने अवैध रूप से अर्जित धन रखने के आरोपों को भी खारिज किया। उनका जवाब गुरुवार को सांसदों के बीच साझा किया गया।

जांच समिति ने आरोपों को सही ठहराया था

इस मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति ने 12 अगस्त को संसद में अपनी रिपोर्ट पेश की थी। समिति ने न्यायमूर्ति वर्मा के खिलाफ लगाए गए तीनों आरोपों को सही पाया था।

रिपोर्ट में कहा गया था कि उनके सरकारी आवास पर नकदी बरामद हुई थी, लेकिन वह उसके स्रोत और स्वामित्व के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके अलावा, नकदी के रहस्यमय तरीके से गायब होने के बाद उससे जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने में विफल रहने का भी आरोप लगाया गया था।

समिति ने जांच के दौरान न्यायमूर्ति वर्मा की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण को भी टालमटोल वाला और असंतोषजनक बताया था। हालांकि, वर्मा ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है और अपने जवाब में दोहराया है कि वह निर्दोष हैं तथा उनका इस्तीफा किसी तरह से अपराध स्वीकार करने का संकेत नहीं है।

Comments are closed.