गोल्डी बराड़ पर कनाडा का बड़ा एक्शन, मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में टॉप पर रखा; 2.5 लाख डॉलर का इनाम घोषित

2

कनाडा में गोल्डी बराड़ की तलाश तेज, मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में मिला पहला स्थान; पकड़वाने पर 2.5 लाख डॉलर का इनाम

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर अब कनाडा में भी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। कनाडा सरकार ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले को 2.5 लाख डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान किया गया है।

कनाडा के ‘बोलो’ कार्यक्रम के तहत जारी नई सूची में गोल्डी बराड़ को पहले नंबर पर रखा गया है। उसे देश के सबसे वांछित संदिग्धों में शीर्ष स्थान दिया गया है। इस कदम के जरिए कनाडाई एजेंसियों ने उसकी तलाश में आम लोगों से भी सहयोग मांगा है।

सूत्रों के मुताबिक, गोल्डी बराड़ का नाम अमेरिका की शीर्ष 10 गैंगस्टरों की सूची में भी शामिल है। दावा किया जा रहा है कि वह भारतीय मूल का पहला गैंगस्टर है, जिसका नाम अमेरिका और कनाडा की वांछित अपराधियों की सूचियों में शीर्ष स्तर पर पहुंचा है।

FBI के ऑपरेशन के बाद कनाडा में मौजूदगी की चर्चा

इस मामले में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के ऑपरेशन हार्डबॉल का भी जिक्र सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के बाद गोल्डी बराड़ गुप्त तरीके से कनाडा में दाखिल हुआ हो सकता है। हालांकि, उसके कनाडा में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में उसका नाम शामिल होना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश से जुड़ा अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

Comments are closed.