दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।
कई दिनों तक चले चुनाव प्रचार और छात्र संगठनों की गतिविधियों के बाद अब डीयू के छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और सुचारु तरीके से कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
इस बार कुल 1,51,842 छात्र मतदाता डूसू के चार केंद्रीय पदों के लिए वोट डालेंगे। मतदान के लिए 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट लगाए गए हैं। डीयू के 52 कॉलेजों और मतदान केंद्रों पर वोटिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान के बाद शनिवार, 19 सितंबर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दो शिफ्ट में होगी वोटिंग
सुबह और शाम की शिफ्ट में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अलग-अलग मतदान समय तय किया गया है। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान कर सकेंगे। वहीं शाम की शिफ्ट के छात्रों के लिए दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोटिंग होगी।
मतदान केंद्रों पर छात्रों की पहचान की जांच के साथ अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। वोट डालने के लिए छात्रों को अपना कॉलेज कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने छात्रों से निर्धारित समय के अनुसार मतदान केंद्र पहुंचने और चुनावी आचार संहिता का पालन करने की अपील की है।
12 कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
मतदान के दौरान तकनीकी खराबी या किसी अन्य समस्या से निपटने के लिए विश्वविद्यालय ने 12 कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। इनके जरिए विभिन्न मतदान केंद्रों की निगरानी की जाएगी। किसी केंद्र से शिकायत मिलने या तकनीकी समस्या सामने आने पर संबंधित टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
चार पदों पर 20 उम्मीदवार
डूसू के चार केंद्रीय पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—के लिए कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पद पर पांच तथा सचिव और संयुक्त सचिव पद पर चार-चार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद पर वीर चतरथ, सचिव पद पर नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर गोपाल चौधरी उम्मीदवार हैं।
एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष के लिए इशू मौर्य, सचिव के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव के लिए लक्ष्यराज सिंह को मैदान में उतारा है।
आइसा-एसएफआई गठबंधन की ओर से अध्यक्ष पद पर अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पद पर अक्षत शिखर, सचिव पद पर स्टैनजिन डेसक्यॉन्ग और संयुक्त सचिव पद पर बी. पारीजात चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य छात्र संगठनों ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
19 सितंबर को आएगा चुनाव परिणाम
मतदान खत्म होने के बाद चुनावी यूनिट और रिकॉर्ड को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। 19 सितंबर को मतगणना होगी और इसी दिन डूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Comments are closed.