युद्ध के बीच एलन मस्क का बड़ा दांव, पेंटागन को इंटरनेट के लिए चुकानी पड़ रही पांच गुना कीमत

3

ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी सेना और एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के बीच स्टारलिंक इंटरनेट सेवा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।

युद्ध में इस्तेमाल हो रहे अमेरिकी ‘लुकास’ कॉमिकाजे ड्रोन स्टारलिंक नेटवर्क पर निर्भर थे, लेकिन इसी दौरान स्पेसएक्स ने इनकी इंटरनेट सेवा की कीमत कई गुना बढ़ाने की मांग कर दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में पेंटागन हर स्टारलिंक टर्मिनल के लिए करीब पांच हजार डॉलर का भुगतान कर रहा था। बाद में स्पेसएक्स ने कहा कि ‘लुकास’ ड्रोन सामान्य इंटरनेट सेवा नहीं, बल्कि विमान श्रेणी की हाई-एंड कनेक्टिविटी का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी ने इसके लिए 25 हजार डॉलर प्रतिमाह प्रति टर्मिनल की मांग रख दी।

अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने इस बढ़ोतरी पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यह शुल्क विमानों के लिए तय किया गया है, जबकि ड्रोन सीमित समय के लिए ही नेटवर्क का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि ईरान के साथ बढ़ते संघर्ष और सेना की तकनीकी निर्भरता के चलते पेंटागन को अंततः नई कीमत स्वीकार करनी पड़ी। इससे हर ‘लुकास’ ड्रोन की परिचालन लागत लगभग दोगुनी हो गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद आधुनिक सैन्य अभियानों में स्टारलिंक की भूमिका काफी बढ़ गई है। यह नेटवर्क दूरदराज इलाकों में सुरक्षित संचार, लाइव डेटा ट्रांसफर और सटीक हमलों में मदद करता है। स्पेसएक्स के करीब 10 हजार सक्रिय उपग्रह पृथ्वी की कक्षा में मौजूद हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े सैटेलाइट नेटवर्क में शामिल हैं।

अमेरिकी सेना स्टारलिंक के सैन्य संस्करण ‘स्टारशील्ड’ का इस्तेमाल करती है। इसका उपयोग ड्रोन, मानवरहित नौकाओं और अन्य रक्षा प्रणालियों में हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान युद्ध शुरू होने तक एक दर्जन से अधिक ड्रोन सिस्टम स्टारशील्ड नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

इस बीच ईरान में इंटरनेट सेवा को लेकर भी अमेरिका और स्पेसएक्स के बीच खींचतान की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ईरान में सरकारी इंटरनेट प्रतिबंधों को दरकिनार कर लोगों तक सीधी मोबाइल इंटरनेट सेवा पहुंचाना चाहता था। इसके लिए स्पेसएक्स ने ‘डायरेक्ट-टू-सेल’ सेवा का प्रस्ताव दिया, जिससे मोबाइल फोन बिना किसी टर्मिनल के सीधे सैटेलाइट नेटवर्क से जुड़ सकें।

हालांकि स्पेसएक्स ने इस सेवा को शुरू करने के लिए 50 करोड़ डॉलर और संचालन के लिए हर महीने 10 करोड़ डॉलर की मांग की। इतनी बड़ी लागत को लेकर पेंटागन के भीतर चिंता बढ़ गई। फिलहाल इस योजना पर अंतिम सहमति बनने की पुष्टि नहीं हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी सेना की स्टारलिंक पर बढ़ती निर्भरता ने एलन मस्क और स्पेसएक्स को वैश्विक सुरक्षा और आधुनिक युद्ध रणनीति में बेहद प्रभावशाली स्थिति में पहुंचा दिया है।

Comments are closed.