Panama में एक बड़े हादसे ने हड़कंप मचा दिया, जब एक ईंधन टैंकर में जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि पास स्थित पुल का हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।
ब्रिज ऑफ द अमेरिकाज के पास हुआ धमाका
यह घटना सोमवार को Bridge of the Americas के पास हुई, जो पनामा नहर के प्रशांत प्रवेश द्वार पर स्थित है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आग की लपटें पुल की सड़क तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।
एहतियातन बंद किया गया पुल
आग और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। लोक निर्माण मंत्रालय ने पुष्टि की कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। साथ ही, तकनीकी टीमें पुल की संरचना की जांच कर रही हैं, ताकि किसी बड़े नुकसान का आकलन किया जा सके।
क्यों अहम है यह पुल?
ब्रिज ऑफ द अमेरिकाज करीब 1654 मीटर लंबा एक अहम सड़क मार्ग है, जो पनामा नहर के सबसे व्यस्त और रणनीतिक हिस्से के पास स्थित है। यह क्षेत्र वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
वैश्विक तेल आपूर्ति से भी जुड़ा मामला
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और Strait of Hormuz में पाबंदियों के चलते हाल के दिनों में कच्चे तेल की कुछ खेप को पनामा नहर के रास्ते एशिया की ओर मोड़ा जा रहा था। ऐसे में इस तरह की घटना वैश्विक सप्लाई चेन पर भी असर डाल सकती है।
फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Comments are closed.