‘पहले प्रार्थना के लिए कहा, फिर सिर पर किया वार’, स्मित मच्छर ने सुनाई फ्लाईदुबई कॉकपिट की खौफनाक कहानी

3

फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में हुए हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को घटना की पूरी जानकारी दी है।

गंभीर रूप से घायल मच्छर ने बताया कि उड़ान सामान्य तरीके से शुरू हुई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद कॉकपिट के भीतर हालात अचानक बदल गए। कैप्टन मच्छर के मुताबिक, को-पायलट ने नमाज पढ़नी शुरू की थी। वह आगे की ओर देखते रहे और इसे सामान्य धार्मिक गतिविधि मानते हुए कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। करीब चार-पांच मिनट बाद अचानक उनके सिर के पीछे जोरदार चोट लगी।

मच्छर ने बताया कि पहली चोट लगने पर उन्हें लगा कि शायद विमान को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा है। लेकिन जब लगातार वार होने लगे तो उन्हें समझ आया कि हमला कॉकपिट में मौजूद दूसरे व्यक्ति ने किया है। चोटों के कारण उनकी आंखों के सामने धुंध छाने लगी और उन्हें हालात संभालने में मुश्किल होने लगी।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा। उस वक्त उनकी याददाश्त पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और उन्हें घटनाक्रम के कुछ हिस्से ही याद हैं। उन्होंने एक बार कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह दोबारा बंद कर दिया गया। वह फर्श पर गिर चुके थे और बाहर से यात्रियों की चीखें सुनाई दे रही थीं।

मच्छर ने कहा कि उस समय उन्हें महसूस हुआ कि उनके पास सिर्फ एक मौका बचा है। उन्होंने अपनी और विमान में सवार यात्रियों की जान बचाने के लिए आखिरी ताकत जुटाई और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद बाहर मौजूद लोगों ने विमान की स्थिति को संभालने में मदद की।

बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 ने आपातकालीन संकेत भेजा था। विमान करीब 17,000 फीट से तेजी से नीचे आया और अंततः सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे।

घटना के बाद घायल कैप्टन मच्छर का खून से सना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। यूएई की जांच एजेंसियां इस घटना को आतंकी कृत्य के तौर पर देख रही हैं। ओमान के नागरिक को-पायलट हमाम अल-हम्मामी पर क्रैश एक्स से हमला करने और विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश करने का आरोप है।

रिपोर्टों के अनुसार, हमाम को कथित कट्टरपंथी विचारों के कारण पहले ओमान में उड़ान भरने से प्रतिबंधित किया गया था। हालांकि, इस दावे की जांच एजेंसियों की ओर से अंतिम पुष्टि की प्रतीक्षा है।

मुंबई के घाटकोपर से ताल्लुक रखने वाले कैप्टन स्मित मच्छर को 13 साल से अधिक का विमान उड़ाने का अनुभव है और वह 9,500 से ज्यादा उड़ान घंटे पूरे कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे फोन पर बात कर उनकी बहादुरी की सराहना की। हमले में घायल कैप्टन फिलहाल अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

Comments are closed.