बंगाल में SIR को लेकर फिर घर-घर दस्तक देंगे BLO, मतदाता सूची का होगा सत्यापन

3

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत एक बार फिर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर सत्यापन की जिम्मेदारी मिल सकती है।

SIR से पहले की मतदाता सूची और मौजूदा सूची का मिलान करने के बाद उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका सत्यापन बाकी है। इसके बाद BLO संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर उनकी स्थिति की पुष्टि करेंगे।

हालांकि, शिक्षकों को दोबारा BLO की ड्यूटी में लगाए जाने की संभावना से नाराजगी बढ़ने लगी है। शिक्षकों का कहना है कि पिछले नवंबर से SIR की जिम्मेदारियों के कारण स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई है। इसके बाद उच्च माध्यमिक परीक्षा और विधानसभा चुनाव से जुड़े काम में भी शिक्षकों को लगाया गया।

अब SIR के बाद जनगणना की ड्यूटी और फिर मतदाता सूची के सत्यापन का काम सौंपे जाने की आशंका है। शिक्षकों के मुताबिक, दुर्गापूजा की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही वार्षिक परीक्षाओं का दौर शुरू होगा। नवंबर-दिसंबर में परीक्षाएं होने के बाद माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं की तैयारी भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो सकता है।

गैर-शैक्षणिक कार्यों पर जताई आपत्ति

वोटकर्मी एवं बीएलओ मंच ने भी शिक्षकों को लगातार गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने पर सवाल उठाया है। संगठन के महासचिव स्वपन मंडल ने कहा कि शिक्षकों को बार-बार चुनाव और प्रशासन से जुड़े काम सौंपे जाने का असर सीधे स्कूलों की पढ़ाई पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि लगातार अलग-अलग जिम्मेदारियों में लगाए जाने से शिक्षक विद्यार्थियों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। संगठन का कहना है कि शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी पढ़ाना है और बार-बार गैर-शैक्षणिक ड्यूटी लगाए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

Comments are closed.