फाइनेंशियल ईयर 2025-26 अपने अंतिम दौर में है और 1 अप्रैल 2026 से कई नए वित्तीय नियम लागू होने जा रहे हैं।
ऐसे में अगर आपने अभी तक अपने जरूरी निवेश और टैक्स से जुड़े काम पूरे नहीं किए हैं, तो यह आपके लिए आखिरी मौका है। देरी करने पर न सिर्फ पेनल्टी लग सकती है, बल्कि टैक्स बचत के अवसर भी हाथ से निकल सकते हैं।
यहां जानिए 5 ऐसे अहम काम, जिन्हें 31 मार्च से पहले निपटाना बेहद जरूरी है:
1. PPF और सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश
PPF और सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) खाताधारकों को हर साल न्यूनतम निवेश करना जरूरी होता है। PPF में ₹500 और SSY में ₹250 जमा न करने पर खाता निष्क्रिय हो सकता है, जिसे दोबारा सक्रिय कराने के लिए जुर्माना देना पड़ता है।
2. NPS में जरूरी योगदान
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करने पर सेक्शन 80CCD(1B) के तहत ₹50,000 तक अतिरिक्त टैक्स छूट मिलती है। साथ ही, टियर-1 अकाउंट को एक्टिव रखने के लिए सालाना कम से कम ₹1,000 जमा करना अनिवार्य है।
3. PAN-Aadhaar लिंक और KYC अपडेट
अगर आपका PAN और Aadhaar लिंक नहीं है या KYC अधूरी है, तो इसे तुरंत पूरा करें। ऐसा न करने पर बैंकिंग सेवाएं बाधित हो सकती हैं और डीमैट अकाउंट फ्रीज होने का खतरा रहता है।
4. पुरानी टैक्स रिजीम में निवेश का मौका
पुरानी टैक्स व्यवस्था अपनाने वाले करदाताओं के लिए सेक्शन 80C के तहत ₹1.5 लाख तक की छूट का लाभ उठाने का यह आखिरी मौका है। इसमें LIC, ELSS, 5 साल की FD और ट्यूशन फीस शामिल हैं। इसके अलावा, सेक्शन 80D के तहत हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर भी छूट मिलती है।
5. होम लोन पर टैक्स छूट का फायदा
होम लोन लेने वालों को प्रिंसिपल पर सेक्शन 80C और ब्याज पर सेक्शन 24(b) के तहत टैक्स बेनिफिट मिलता है। मार्च खत्म होने से पहले प्री-पेमेंट कर आप ब्याज का बोझ कम करने के साथ टैक्स बचत भी बढ़ा सकते हैं।
समय रहते इन कामों को पूरा करके आप न सिर्फ फाइनेंशियल नुकसान से बच सकते हैं, बल्कि अपनी टैक्स प्लानिंग को भी बेहतर बना सकते हैं।
Comments are closed.