नकल रोकने पर फोकस, होमगार्ड परीक्षा से पहले योगी सरकार अलर्ट

3

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath आज रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यभर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा इंतजामों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें एडीजी (जोन), पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी/डीआईजी, एसएसपी/एसपी और जिला विद्यालय निरीक्षक समेत सभी अहम अधिकारी शामिल होंगे, ताकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जा सकें।

प्रदेश में 25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकता साफ है—हर हाल में निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा। इसके लिए परीक्षा केंद्रों की निगरानी, संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त सतर्कता और अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि नकल, पेपर लीक या किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई होगी। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।

Comments are closed.