रामलला के तिलकोत्सव में शामिल होने जनकपुर से निकले तिलकहरू, पहली बार रेल से पहुंचेगा जत्था
अयोध्या में रामलला के तिलकोत्सव को लेकर इस बार भारत और नेपाल के बीच धार्मिक रिश्तों की एक नई तस्वीर देखने को मिल रही है। नेपाल के जनकपुरधाम से तिलकहरुओं का दल पहली बार ट्रेन के माध्यम से अयोध्या आ रहा है। उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी रामलला के दर्शन और पूजन के लिए रवाना हुए हैं। इससे पहले जनकपुर से तिलकहरुओं का जत्था सड़क मार्ग से अयोध्या पहुंचता था।
शनिवार को सरयू-कमला एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की शुरुआत के साथ ही जनकपुर से तिलकहरुओं की यह विशेष यात्रा शुरू हुई। ट्रेन में सवार होकर अयोध्या रवाना होने वाले लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। स्थानीय लोगों ने इस नई रेल सेवा को भारत और नेपाल के पुराने सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया और जयकारों के साथ इसका स्वागत किया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने 23 नवंबर को सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। शनिवार से इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो गया है। ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। शनिवार को जनकपुर से रवाना हुई ट्रेन रविवार सुबह 8:15 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
अयोध्या पहुंचने के बाद तिलकहरुओं का दल अयोध्याधाम जंक्शन पर उतरेगा और वहां से कारसेवकपुरम के लिए रवाना होगा। उनके आगमन को लेकर स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं। ट्रेन सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए वापस प्रस्थान करेगी।
रेल सेवा से आसान होगा रामलला का दर्शन
जनकपुर के मेयर मनोज साह भी इसी ट्रेन से अयोध्या आ रहे हैं। उन्होंने यात्रा को सुविधाजनक बताते हुए दोनों देशों की सरकारों की पहल की सराहना की। उनके मुताबिक, इस रेल संपर्क से भारत और नेपाल के पारंपरिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
विश्व हिंदू परिषद नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि ट्रेन सेवा शुरू होने से उन लोगों के लिए भी अयोध्या पहुंचना आसान होगा, जो सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय नहीं कर सकते। संगठन के केंद्रीय सदस्य रघुनाथ साह ने बताया कि ट्रेन के रवाना होने के दौरान जनकपुर में लोगों के बीच काफी उत्साह था।
पहली रेल यात्रा से श्रद्धालु उत्साहित
जनकपुर के यात्री नथुनी साह ने कहा कि पहली बार ट्रेन से अयोध्या आने का अनुभव बेहद खास है। उन्होंने ट्रेन के वातानुकूलित कोच और यात्रा की सुविधाओं की तारीफ की। उनके मुताबिक, यह सफर लंबे समय तक यादगार रहेगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत से जनकपुर और अयोध्या के बीच आवागमन को नई सुविधा मिली है। धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह रेल सेवा दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने में अहम भूमिका निभा सकती है। रामलला के तिलकोत्सव में जनकपुर के तिलकहरुओं की रेल यात्रा इस ऐतिहासिक जुड़ाव को एक नया आयाम दे रही है।
Comments are closed.