150 साल पुरानी परंपरा को लेकर बड़ा घटनाक्रम, तमिलनाडु में दीपथून पर जला दीपक; श्रद्धालुओं में खुशी की लहर

0

तमिलनाडु में 150 साल बाद दीपथून पर प्रज्वलित हुआ महादीपम, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पूरा हुआ श्रद्धालुओं का इंतजार

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार शाम इतिहास रचा गया। करीब डेढ़ सदी से अधिक समय बाद पहली बार पारंपरिक कार्तिगई दीपम का महादीपम पहाड़ी पर बने प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हुए इस आयोजन के गवाह हजारों श्रद्धालु बने। दीप प्रज्वलित होते ही पहाड़ी भगवान मुरुगन के जयकारों से गूंज उठी और लंबे समय से इस मांग के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आंखें खुशी से नम हो गईं।

शनिवार शाम ठीक पांच बजे दीपथून पर दीप प्रज्वलित किया गया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन भी मौजूद रहे। विशाल मिट्टी के दीपक में 30 किलोग्राम घी और पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया था। इसमें करीब 50 मीटर लंबी सूती बाती लगाई गई थी।

महादीपम जलते ही श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा की और शंखनाद के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए। कई लोगों ने खुशी में अपने अंगवस्त्र हवा में लहराए। पूरे क्षेत्र में आतिशबाजी और ‘वेत्रिवेल, वीरवेल’ के जयकारे सुनाई देने लगे। कुछ श्रद्धालु इस पल को देखकर भावुक हो गए।

सीआरपीएफ की निगरानी में संपन्न हुआ आयोजन

दीप प्रज्वलन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीआरपीएफ के आईजी विक्रम ने बताया कि दीपथून के आसपास आम लोगों के प्रवेश पर रोक थी और केवल चुनिंदा लोगों को ही आयोजन स्थल तक जाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, पहाड़ी की तलहटी में हजारों श्रद्धालु जमा थे। आसपास के फ्लाईओवर, मकानों और ऊंची इमारतों की छतों से भी लोगों ने दीप प्रज्वलन का दृश्य देखा।

यह आयोजन सुप्रीम कोर्ट के 28 नवंबर के आदेश के तहत हुआ। इससे पहले 24 नवंबर को निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाए जाने पर अदालत ने तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई थी। शुक्रवार को मुख्य सचिव समेत संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया गया था। अदालत ने मंदिर और पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपने का निर्देश भी दिया था।

चार दशक से चल रही थी दीपथून पर दीप जलाने की मांग

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम का महादीपम कहां प्रज्वलित किया जाए, इस मुद्दे पर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। तमिलनाडु की टीवीके सरकार ने वार्षिक आयोजन के दौरान दीपक ‘उच्ची पिल्लैयार मंडपम’ में जलाया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हिंदू मुन्नानी संगठन ने पिछली सदी के नौवें दशक की शुरुआत में इस मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाना शुरू किया था। इसके बाद मामला अदालतों तक पहुंचा और कई वर्षों तक कानूनी लड़ाई जारी रही। ब्रिटिश शासन के दौरान 1862 और 1912 में भी इस स्थान पर दीप जलाने के प्रयास किए गए थे, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए थे। हालांकि, 19वीं सदी के मध्य से पहले यहां दीप जलाए जाने के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।

पहाड़ी पर मंदिर और दरगाह, भूमि स्वामित्व को लेकर भी विवाद

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी तमिलनाडु के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां भगवान मुरुगन को समर्पित अरुल्मिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर स्थित है। पहाड़ी पर हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया की दरगाह और शिखर के पास एक मस्जिद भी मौजूद है। ऐसे में यहां भूमि के स्वामित्व और धार्मिक गतिविधियों के अधिकार को लेकर लंबे समय से विवाद होते रहे हैं।

1920 से जुड़े दीवानी अदालतों और प्रिवी काउंसिल के फैसलों के आधार पर मद्रास हाई कोर्ट ने पहाड़ी के अधिकांश हिस्से का स्वामित्व मंदिर के पक्ष में माना है। हालांकि, दरगाह और नेल्लिथोपे दफनभूमि सहित कुछ निर्धारित क्षेत्र इस दायरे से बाहर रखे गए हैं।

महादीपम प्रज्वलित होने के बाद श्रद्धालुओं ने ‘वेत्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के जयकारे लगाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर भगवान मुरुगन की जयकार करते हुए प्रतिक्रिया दी। दशकों से जारी कानूनी और सामाजिक संघर्ष के बाद दीपथून पर जला यह दीप श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार धार्मिक अवसर बन गया।

Comments are closed.