Fortune सनफ्लावर ऑयल का सैंपल क्वालिटी टेस्ट में फेल, FSSAI ने लगाया जुर्माना

2
खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने घटिया गुणवत्ता वाले फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल के निर्माण और बिक्री के मामले में AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड पर कार्रवाई की है।
कंपनी ‘Fortune’ ब्रांड के नाम से खाद्य तेल बेचती है। हालांकि, FSSAI ने लगाए गए जुर्माने की राशि सार्वजनिक नहीं की है। मामला गोवा में लिए गए ‘Fortune Friola Refined Sunflower Seed Oil’ के सैंपल से जुड़ा है। FSSAI ने यह एक लीटर पैक ताज फोर्ट अगुआड़ा रिजॉर्ट एंड स्पा, गोवा से जांच के लिए लिया था। प्राथमिक खाद्य प्रयोगशाला में जांच के दौरान सैंपल फोर्टिफाइड खाद्य तेल के तय मानकों पर खरा नहीं उतरा।
जांच में विटामिन A और विटामिन D की मात्रा निर्धारित सीमा से कम मिली। इसके आधार पर उत्पाद को घटिया गुणवत्ता का घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल लैब में दोबारा जांचा गया। यहां भी विटामिन D की मात्रा तय मानक से काफी कम पाई गई।
FSSAI ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड पर जुर्माना लगाने का आदेश जारी किया गया है। प्राधिकरण के मुताबिक, उत्पाद फोर्टिफिकेशन ऑफ फूड्स रेगुलेशन, 2018 में तय मानकों का पालन नहीं करता था।

क्या होता है फोर्टिफाइड सनफ्लावर ऑयल?

फोर्टिफाइड सनफ्लावर ऑयल में विटामिन A और विटामिन D जैसे पोषक तत्व अतिरिक्त रूप से मिलाए जाते हैं। इन पोषक तत्वों को मिलाने का उद्देश्य उपभोक्ताओं के आहार में जरूरी विटामिन की उपलब्धता बढ़ाना है।

दो मोंक फ्रूट स्वीटनर की बिक्री पर भी रोक

FSSAI ने Pai Foods को ‘Monk Fruit Extract Sweetener’ और ‘Monk Fruit Sweetener Drops’ की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई लेबलिंग नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई है।
प्राधिकरण ने कंपनी को इन उत्पादों की बिक्री बंद करने के साथ आवश्यक मंजूरी हासिल करने और वैध लाइसेंस लेने का निर्देश दिया है। मोंक फ्रूट मुख्य रूप से चीन में पाया जाने वाला फल है और इसका इस्तेमाल प्राकृतिक स्वीटनर के तौर पर किया जाता है।

Comments are closed.