डोडा में हादसे का शिकार हुए हरियाणा के जवान मोहित, घर में छाया मातम

5

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को सेना की एक गाड़ी करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई।

इस हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले 25 वर्षीय आर्मी जवान मोहित भी शामिल हैं। हादसे की सूचना गुरुवार देर शाम उनके पैतृक गांव गिजाड़ोध में परिजनों को मिली, जिसके बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

एक साल पहले हुई थी शादी

परिवार के अनुसार, मोहित करीब पांच साल पहले सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी शादी लगभग एक साल पहले हुई थी। शहीद जवान की पार्थिव देह शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गांव पहुंचने की संभावना है। सेना द्वारा पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य सम्मान के साथ लाया जाएगा, जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से भी उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

शादी की सालगिरह पर आए थे घर

परिजनों ने बताया कि मोहित अपनी शादी की पहली सालगिरह पर कुछ समय के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। फिलहाल उनका कोई संतान नहीं है। उनके पिता किसान हैं, जबकि एक भाई वाहन चलाकर परिवार की आजीविका में सहयोग करता है।

Comments are closed.