दिल्ली-NCR में आधी रात मौसम का यू-टर्न, तेज आंधी और बिजली के साथ दो घंटे तक बरसे बादल
दिल्ली-एनसीआर में रविवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। आधी रात के दौरान तेज गरज-चमक और बिजली के साथ मूसलाधार बारिश हुई। करीब दो घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को ठंडक महसूस होने लगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली में बारिश की संभावना जताई थी।
मानसून की विदाई के बीच हुई इस बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं नवरात्र के पहले दिन धार्मिक आयोजनों में जुटे लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
कालका मंदिर में बारिश से बचने के लिए भागे श्रद्धालु
नवरात्र के पहले दिन अचानक हुई तेज बारिश से कालका मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं और आयोजकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होते ही लोग खुद को भीगने से बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मंदिर परिसर के आसपास अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई दी।
समाचार एजेंसी एएनआई ने कालका मंदिर का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें श्रद्धालु बारिश से बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। मौसम में अचानक आए बदलाव ने धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को भी प्रभावित किया।
बारिश के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल खाली दिखा
दिल्ली के जंतर-मंतर से भी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें सड़क और प्रदर्शन स्थल खाली नजर आ रहे हैं। यहां कॉकroach जनता पार्टी (CJP) के नेता प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि, वीडियो में स्थल खाली दिखाई देने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि प्रदर्शनकारियों की अनुपस्थिति की वजह बारिश थी या कोई अन्य कारण।
दिल्ली समेत तीन राज्यों में तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी। हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई थी।
दिनभर की गर्मी के बाद बदला मौसम
रविवार को दिनभर गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शाम के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद देर रात भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज हवाओं और बिजली चमकने के कारण रात के समय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत रही।
Comments are closed.