ट्रंप के युद्धविराम के दावे से हैरान जेलेंस्की, बोले- मेरे लिए यह नई खबर; रूस ने फिर बरसाए ड्रोन

4

ट्रंप के सीजफायर दावे पर जेलेंस्की ने जताई हैरानी, बोले- मुझे कोई जानकारी नहीं; रूस ने फिर दागे ड्रोन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के रूस और यूक्रेन के बीच ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने को लेकर युद्धविराम की घोषणा के दावे पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हैरानी जताई है। ट्रंप ने रविवार को कहा था कि दोनों देश एनर्जी सीजफायर पर सहमत हो गए हैं और यह तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है। हालांकि, जेलेंस्की ने कहा कि उनके लिए यह बिल्कुल नई खबर है।

जेलेंस्की ने कहा कि यदि रूस वास्तव में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए तैयार है, तो यूक्रेन इस कदम का स्वागत करेगा। लेकिन इसके लिए अमेरिका को समझौते की शर्तों और इसे लागू करने की समयसीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी देनी होगी।

उन्होंने कहा कि अगर ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस मुद्दे पर बातचीत की है, तो यूक्रेन को भी बताया जाना चाहिए कि युद्धविराम कब से प्रभावी होगा। जेलेंस्की के मुताबिक, उनका देश इसके लिए तैयार है और ऐसी पहल को स्वीकार करेगा।

एनर्जी सीजफायर पर सहयोगी देशों से की चर्चा

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उन्होंने ट्रंप की घोषणा को लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, नाटो महासचिव मार्क रुट्टे और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब से बातचीत की है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश युद्धविराम का समर्थन करता है, लेकिन रूस को भी इसका पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कीव फिलहाल अमेरिकी प्रशासन से इस संबंध में विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है।

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन तनाव कम करने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और युद्ध समाप्त कर स्थायी शांति स्थापित करने के उद्देश्य से उठाए जाने वाले जरूरी कदमों का समर्थन करता है।

सीजफायर के दावे के कुछ घंटे बाद फिर हमले

ट्रंप की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद जेलेंस्की ने रूस पर ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि कीव और खार्किव क्षेत्र में बिजली संयंत्रों पर शाहिद ड्रोन से हमले किए गए।

जेलेंस्की ने इन हमलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि रूसी हमले ऐसे समय हुए, जब ट्रंप सार्वजनिक रूप से युद्धविराम लागू होने का दावा कर रहे थे। इससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने को लेकर किसी वास्तविक सहमति के अस्तित्व और उसके क्रियान्वयन पर सवाल उठे हैं।

जेलेंस्की ने पहले भी मांगा था 60 दिनों का युद्धविराम

ट्रंप का यह बयान जेलेंस्की के एबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू के बाद आया था। इसमें यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अमेरिकी राष्ट्रपति से पुतिन के साथ बातचीत कर युद्धविराम की दिशा में प्रयास करने की अपील की थी।

जेलेंस्की ने कहा था कि रूस को 60 दिनों के पूर्ण युद्धविराम के लिए तैयार होना चाहिए, ताकि यूक्रेन में चुनाव कराने की परिस्थितियां बन सकें।

फिलहाल, ट्रंप के एनर्जी सीजफायर संबंधी दावे और उसके बाद हुए कथित रूसी ड्रोन हमलों ने युद्धविराम की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। यूक्रेन ने इस पहल के प्रति समर्थन जताया है, लेकिन समझौते की शर्तों और उसके लागू होने के बारे में अमेरिका से स्पष्ट जानकारी मांगी है।

Comments are closed.