जाते-जाते भी बरस रहा मानसून, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
देश के कई हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में अचानक हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार (14 सितंबर) को उत्तर-पूर्व दिल्ली में दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद हल्की बारिश हो सकती है। 15 से 18 सितंबर तक दिन में आंशिक रूप से बादल और रात में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश से तापमान में गिरावट होगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
महाराष्ट्र और राजस्थान
महाराष्ट्र में 14 और 15 सितंबर को, जबकि मध्य महाराष्ट्र में 15 सितंबर को बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई 15 सितंबर के आसपास शुरू हो सकती है।
पिछले 24 घंटे
- उत्तराखंड में अत्यंत भारी वर्षा दर्ज की गई।
- असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और मराठवाड़ा में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई।
- हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर के राज्य, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक और तमिलनाडु में भी अच्छी बारिश हुई।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान (17-19 सितंबर)
17 सितंबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और तमिलनाडु में भारी वर्षा का अलर्ट।
18 सितंबर: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार में भारी वर्षा की संभावना।
19 सितंबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी वर्षा की चेतावनी जारी।
Comments are closed.