हूतियों ने सऊदी अरब पर बरसाए मिसाइल-ड्रोन, कई शहर निशाने पर; हमले में 13 लोग घायल

1

यमन में जारी संघर्ष ने एक बार फिर खतरनाक रूप ले लिया है।

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब के कई शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमले किए। हमलों में 13 लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि कम से कम सात रिहाइशी मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

कई प्रमुख शहरों को बनाया निशाना

सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने हमलों की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हूतियों ने खमीस मुशेत, आभा और ताइफ समेत कई अहम शहरों को निशाना बनाया।

खमीस मुशेत के एक सैन्य हवाई अड्डे पर दर्जनों मिसाइल और ड्रोन दागे गए। बताया गया कि हमलावरों के निशाने पर विमान हैंगर, रडार सिस्टम, रनवे और गोला-बारूद के डिपो थे। हमले के बाद सऊदी अधिकारियों ने देश के दक्षिणी हिस्सों में आपातकालीन अलर्ट जारी कर दिया।

हूती ठिकानों पर सऊदी-यमनी जवाबी हमला

हूती हमलों के बाद सऊदी और यमनी वायु सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। लाल सागर के तट पर स्थित मोचा बंदरगाह के आसपास हूती ठिकानों पर भारी हवाई बमबारी की गई।

इस बीच हूती विद्रोही यमन के पश्चिमी तट और लाल सागर के मुहाने के पास स्थित पेरिम द्वीप पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। रणनीतिक क्षेत्र में उनकी बढ़ती गतिविधियों ने लाल सागर में सुरक्षा संकट को और गंभीर कर दिया है।

होर्मुज को लेकर बातचीत भी टली

क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर खाड़ी देशों और ईरान के बीच होने वाली अहम बातचीत पर भी पड़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को लेकर प्रस्तावित वार्ता फिलहाल टाल दी गई है।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य उनके पूर्ण नियंत्रण में है और फिलहाल इसे बंद रखा गया है। दुनिया के प्रमुख ऊर्जा मार्गों में शामिल इस जलडमरूमध्य पर बढ़ता तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार के लिए बड़ी चिंता बन गया है।

हूतियों के ताजा हमलों और उसके जवाब में हो रही सैन्य कार्रवाई से यमन के साथ-साथ पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में सऊदी अरब, ईरान और हूतियों के बीच स्थिति किस दिशा में जाती है, इस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।

Comments are closed.