खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत और रूस के बीच उच्चस्तरीय चर्चा होने जा रही है। एस. जयशंकर और सर्गेई लावरोव सोमवार को एक वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें क्षेत्रीय हालात और उनके वैश्विक प्रभाव पर मंथन किया जाएगा।
यह एक दिवसीय सम्मेलन मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास और रूसी अंतरराष्ट्रीय मामलों की परिषद (RIAC) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। बैठक में खास तौर पर अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (INSTC) पर खाड़ी संकट के संभावित असर को लेकर चर्चा होगी, जिसे भारत-रूस व्यापार के लिए एक अहम मार्ग माना जाता है।
सम्मेलन का मकसद दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना और राजनीतिक, आर्थिक व सांस्कृतिक सहयोग के नए रास्ते तलाशना है। इसमें भारत के पूर्व राजदूत भी हिस्सा लेंगे, जो तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों पर भारतीय नजरिया पेश करेंगे।
प्लेनरी सत्र में बदलती विश्व व्यवस्था में भारत और रूस की भूमिका पर चर्चा होगी, जबकि एक अन्य सत्र में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच सहयोगी देशों की भूमिका और रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
Comments are closed.