भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई दिशा, आज पीएम मोदी और बालेन शाह के बीच होगी द्विपक्षीय वार्ता; कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन
पीएम मोदी और बालेन शाह की आज अहम मुलाकात, भारत-नेपाल के बीच होंगे कई बड़े समझौते; अयोध्या-जनकपुर रेल संपर्क पर भी नजर
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन्द्र शाह के बीच होने वाली बैठक में द्विपक्षीय सहयोग को विस्तार देने के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
दोनों देश ऊर्जा, व्यापार, रेलवे, परिवहन, तकनीक, बुनियादी ढांचे, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान कई समझौतों पर सहमति बनने और नई विकास परियोजनाओं की घोषणा होने की संभावना है।
जयशंकर से मुलाकात के साथ शुरू हुआ दौरा
नई दिल्ली पहुंचने पर नेपाल के प्रधानमंत्री का स्वागत केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने किया। इसके बाद बालेन्द्र शाह ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक की। मुलाकात के बाद जयशंकर ने भारत और नेपाल के बीच विशेष मित्रता को महत्वपूर्ण बताते हुए द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, संस्कृति, शिक्षा और नागरिकों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
पहली आमने-सामने की बैठक पर टिकी निगाहें
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन्द्र शाह के बीच पहले फोन पर बातचीत हो चुकी है, लेकिन सोमवार को दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। नेपाल में 2025 के जेन-जी आंदोलन के बाद राजनीतिक सत्ता परिवर्तन हुआ था। इसके बाद बालेन्द्र शाह और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेतृत्व में नई सरकार बनी।
ऐसे में यह बैठक दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। उम्मीद है कि बातचीत के दौरान आने वाले वर्षों के लिए सहयोग की नई प्राथमिकताएं तय की जाएंगी।
बैठक के दौरान भारत के सहयोग से पूरी हो चुकी कुछ ऊर्जा और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया जा सकता है। साथ ही नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने और कई क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। अयोध्या और जनकपुर के बीच प्रस्तावित रेल संपर्क भी इस दौरे के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
नेपाल ने मांगा 2 अरब डॉलर का सहायता पैकेज
बालेन्द्र शाह की यात्रा के दौरान आर्थिक सहायता और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दे भी महत्वपूर्ण रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, नेपाल ने भारत से 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग की है। इसमें अगस्त में भोटे कोसी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए 1 अरब डॉलर की अनुदान और सहायता राशि शामिल है।
इसके अलावा नेपाल ने काठमांडू-महेंद्रनगर हवाई कॉरिडोर को दोनों दिशाओं से उड़ानों के लिए खोलने की मांग की है। फिलहाल इस मार्ग पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर परिचालन संबंधी सीमाएं लागू हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है। इसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, वरिष्ठ सलाहकार और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं। इस दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा, जिसके जरिए नेपाल भारत से निवेश बढ़ाने की कोशिश करेगा।
भारत और नेपाल के बीच मजबूत व्यापारिक साझेदारी
भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच खुली सीमा और लोगों के बीच गहरे संपर्क इस साझेदारी को विशेष बनाते हैं। द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए 40 से अधिक संस्थागत तंत्र भी काम कर रहे हैं।
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और पारगमन साझेदार है। नेपाल के कुल निर्यात का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा भारतीय बाजार में पहुंचता है। इसके अलावा नेपाल में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) का करीब एक-तिहाई हिस्सा भारत से आता है।
नेपाल के विकास कार्यों में भारत का योगदान
भारत ने नेपाल के 74 जिलों में 600 से अधिक सामुदायिक विकास परियोजनाओं को पूरा करने में सहयोग दिया है। इन परियोजनाओं पर 1,662 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। सीमा पार रेलवे लाइनें, पेट्रोलियम पाइपलाइन और एकीकृत जांच चौकियां दोनों देशों के बीच संपर्क और व्यापार को बढ़ावा दे रही हैं।
वर्ष 2015 में आए विनाशकारी गोरखा भूकंप के बाद भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण सहायता दी थी। इसके तहत 50 हजार घरों, 71 शैक्षणिक परियोजनाओं और 128 स्वास्थ्य केंद्रों का पुनर्निर्माण किया गया।
वहीं, अगस्त में आई बाढ़ के बाद भारत ने नेपाल को 140 टन आपातकालीन राहत सामग्री भेजी थी। ऐसे में बालेन्द्र शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच विकास सहयोग, आर्थिक साझेदारी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
Comments are closed.