यूक्रेन का बड़ा हमला! लीबिया के बेनगाजी पोर्ट पर रूसी युद्धपोत को ड्रोन से बनाया निशाना, जहाज में लगी भीषण आग
लीबिया के बंदरगाह पर रूसी युद्धपोत पर ड्रोन अटैक, हमले के बाद समुद्र में डूबा जहाज; यूक्रेन पर शक
रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष का असर अब भूमध्यसागरीय क्षेत्र तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े एक रूसी नौसैनिक जहाज को संदिग्ध समुद्री ड्रोनों से निशाना बनाए जाने की खबर है। हमले के दौरान जहाज में जोरदार विस्फोट हुआ और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग और धमाकों के कारण जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और उसका अधिकांश हिस्सा समुद्र में डूब गया।
रिपोर्टों के मुताबिक, हमले का शिकार हुआ जहाज रूसी युद्धपोत ‘मर्करी’ था। यह जहाज मॉस्को और पूर्वी लीबिया प्रशासन के बीच हुए सहयोग समझौते के तहत ईंधन और रसद सामग्री लेने के लिए बेनगाजी बंदरगाह पर मौजूद था।
सैटेलाइट इमेजरी कंपनी वैंटोर की ओर से जारी तस्वीरों में जहाज का बड़ा हिस्सा समुद्र में पलटा हुआ दिखाई दिया। तस्वीरों में उसका केवल अगला हिस्सा पानी के ऊपर नजर आ रहा है। घटनास्थल के आसपास धुआं और मलबा भी दिखाई दिया।
यूक्रेनी ठिकाने से ड्रोन छोड़े जाने का दावा
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि रूसी युद्धपोत पर हमला करने वाले समुद्री ड्रोन पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों द्वारा संचालित एक ठिकाने से दागे गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, हमले के दौरान चार ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन जहाज से टकराने में सफल रहे। हालांकि, यूक्रेन और रूस की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वहीं, अल जजीरा की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से हमले में रूसी और लीबियाई नागरिकों के हताहत होने की बात कही गई है। कुछ सूत्रों ने यह भी दावा किया कि जहाज पर हथियार, गोला-बारूद और ड्रोन मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन ड्रोन जहाज की ओर बढ़ते देखे गए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
रूस के साथ मिलकर जांच करेगा पूर्वी लीबिया प्रशासन
पूर्वी लीबिया प्रशासन ने पुष्टि की कि युद्धपोत में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। साथ ही घटना के कारणों और हमले के स्रोत का पता लगाने के लिए रूस के साथ संयुक्त जांच शुरू की गई है।
प्रशासन ने हमले की निंदा करते हुए इसे देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया। बयान में कहा गया कि लीबिया के बंदरगाहों, जमीन और समुद्री क्षेत्र का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का बदला लेने के लिए नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि लीबिया रूस-यूक्रेन युद्ध में किसी पक्ष के साथ शामिल नहीं है।
इसी बीच, रविवार शाम बेनगाजी के तट के पास माल्टा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज पर भी समुद्री ड्रोन से हमले की घटना सामने आई। पूर्वी प्रशासन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में घायल चालक दल के सभी सदस्यों को बचा लिया गया है और उनका उपचार किया जा रहा है।
अलमसार टेलीविजन के मुताबिक, नौसेना और वायु सेना ने भूमध्यसागरीय तट के पास कम से कम 12 अन्य समुद्री ड्रोनों को भी नष्ट किया। पश्चिमी लीबिया की सरकार ने भी देश के बंदरगाहों और नागरिक ठिकानों को बाहरी संघर्षों में शामिल करने की कोशिशों पर चिंता जताई है।
लीबिया में यूक्रेनी खुफिया नेटवर्क की मौजूदगी पर सवाल
रूसी युद्धपोत पर हमले के बाद पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी सैन्य और खुफिया कर्मियों की कथित मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अल जजीरा से बातचीत में सुरक्षा एवं रक्षा विशेषज्ञ तल्हा अब्दुल रजाक ने आशंका जताई कि इस हमले के पीछे यूक्रेनी खुफिया सेवाओं की भूमिका हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल के अंत में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों और त्रिपोली प्रशासन के बीच सैन्य एवं खुफिया सहयोग को लेकर समझौता हुआ था। इसके तहत पश्चिमी लीबिया में यूक्रेन की सैन्य और खुफिया मौजूदगी स्थापित किए जाने की बात कही गई थी। बदले में त्रिपोली प्रशासन को यूक्रेन की सैन्य विशेषज्ञता मिलने की संभावना थी।
राजनीतिक संकट के बीच दो हिस्सों में बंटा लीबिया
लीबिया वर्ष 2011 में मुअम्मर गद्दाफी की सत्ता समाप्त होने के बाद से राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है। उस समय नाटो समर्थित विद्रोह के बाद गद्दाफी को सत्ता से हटा दिया गया था। इसके बाद देश में दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासन अस्तित्व में आ गए।
संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त सरकार पश्चिमी लीबिया के त्रिपोली में स्थित है, जबकि पूर्वी हिस्से पर एक अलग प्रशासन का नियंत्रण है।
पूर्वी लीबिया सरकार के प्रमुख ओसामा हम्माद ने इस घटना की अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से यह पता लगाने का आग्रह किया है कि क्या रूसी युद्धपोत पर हमला करने वाले ड्रोन पश्चिमी लीबिया से छोड़े गए थे। इसके अलावा, उन्होंने देश में यूक्रेनी सैन्य विशेषज्ञों की कथित मौजूदगी से जुड़ी खबरों की भी जांच कराने की अपील की है।
Comments are closed.