फ्लाईदुबई फ्लाइट अटैक के पीछे ईरान? ट्रंप बोले- ‘मुझे लगता है उनका हाथ था’

2

फ्लाईदुबई फ्लाइट में आतंकी हमले की साजिश पर ट्रंप का बड़ा दावा, ईरान को ठहराया जिम्मेदार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई विमान में हुई हमले की कोशिश को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से मानते हैं कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी को-पायलट द्वारा किए गए हमले के पीछे ईरान जिम्मेदार था।

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इस घटना में ईरान की भूमिका थी, तो उन्होंने जवाब दिया, “हां, मुझे ऐसा लगता है। मैं व्यक्तिगत रूप से ऐसा मानता हूं।”

ट्रंप का यह बयान 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई सनसनीखेज घटना के बाद आया है। उड़ान के दौरान ओमान के रहने वाले को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था।

कॉकपिट पर कब्जे की थी साजिश

रिपोर्टों के मुताबिक, हमाम अल-हम्मामी की कथित योजना पहले कैप्टन स्मित मच्छर को रास्ते से हटाने और फिर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की थी। बताया गया कि वह इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति हासिल कर विमान को किसी इमारत या खड़े विमान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त करना चाहता था।

हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने हिम्मत नहीं हारी। आंखों की रोशनी धुंधली होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा अंदर से खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और ड्यूटी पर मौजूद क्रू सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू कर लिया।

दो मिनट में 16 हजार फीट नीचे आया विमान

हमले और कॉकपिट में हुई हाथापाई के बीच विमान तेजी से नीचे आने लगा। रिपोर्टों के अनुसार, डिस्ट्रेस सिग्नल भेजे जाने से पहले विमान करीब दो मिनट में 16,000 फीट नीचे आ गया था।

हालात को देखते हुए विमान का रूट बदलकर सऊदी अरब के तबुक की ओर किया गया, जहां उसकी सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 180 लोगों की जान बच गई।

नेतन्याहू ने की भारतीय पायलट की तारीफ

घटना के बाद हमलावर हमाम अल-हम्मामी से पूछताछ जारी है। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की सार्वजनिक रूप से सराहना की।

एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान नेतन्याहू ने भारतीय पायलट से बातचीत करते हुए उन्हें “इजरायल, भारत और दुनिया का हीरो” बताया।

इजरायली सरकार ने कैप्टन स्मित मच्छर और उनके परिवार को मई 2027 में होने वाले इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण भी दिया है।

Comments are closed.