15 अगस्त से पहले ISI का खतरा, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; छोटे शहरों पर भी नजर

2
खुफिया एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी साजिश की आशंका को लेकर देशभर में अलर्ट जारी किया है।
खुफिया जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ देश के भीतर भी हमले की साजिश रची जा सकती है। एक खुफिया अधिकारी के मुताबिक, आईएसआई को उम्मीद है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा फोकस 15 अगस्त के कार्यक्रमों पर रहेगा। इसी का फायदा उठाकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश हो सकती है।
अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश की जा सकती है। इसके अलावा बांग्लादेश सीमा के रास्ते भी आतंकियों को भारत में भेजने की आशंका जताई गई है। सुरक्षा एजेंसियों को खास तौर पर टियर-2 शहरों को लेकर सतर्क किया गया है, क्योंकि आईएसआई ऐसे स्थानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकती है।
खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान में आंतरिक अस्थिरता और बढ़ते दबाव के बीच आईएसआई भारत में किसी बड़ी घटना के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर सकती है। गुलाम जम्मू-कश्मीर और बलूचिस्तान में जारी उथल-पुथल को देखते हुए भारत में तनाव पैदा करना उसके लिए रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण हो सकता है।
इनपुट सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ प्रमुख शहरों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। स्वतंत्रता दिवस समारोहों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

Comments are closed.