जिम्बाब्वे की करिबा झील में मंगलवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया।
करीब 95 लोगों को लेकर जा रही नौका तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई। हादसे में 15 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि 20 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, नाव में 90 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। यह नौका करिबा शहर से झील के विभिन्न द्वीपों और मछली पकड़ने वाले शिविरों तक लोगों को ले जाती थी। खराब मौसम के बीच सफर के दौरान तेज लहर नाव से टकराई, जिसके बाद उसके पलटने की बात सामने आई है।
Related Posts
प्रत्यक्षदर्शी मैक्सटन कान्हेमा के मुताबिक, हादसे के बाद पानी में संकट के संकेत दिखाई दिए, जिसके बाद आसपास मौजूद नावें बचाव के लिए पहुंचीं। मतुसाडो नेशनल पार्क ने अभियान में मदद के लिए हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया, जबकि स्थानीय प्रशासन और सेना ने बड़ी नावों और गोताखोरों को भी राहत कार्य में लगाया।
पुलिस ने बताया कि अब तक करीब 60 लोगों को बचाया जा चुका है। हादसे में जान गंवाने वालों के शवों को पहचान के लिए करिबा ले जाया जाएगा। लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
करिबा झील जिम्बाब्वे और जाम्बिया की सीमा पर स्थित है। यह हरारे से 300 किलोमीटर से अधिक उत्तर-पूर्व में है और आयतन के लिहाज से दुनिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित झीलों में से एक है।
Comments are closed.