जैश कमांडर की भारत विरोधी साजिश का खुलासा, बोला- ‘हमारा जिहाद भारत के खिलाफ’; PoK में सक्रिय पुलवामा हमले का आतंकी
पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी के एक बयान से गुलाम जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठन की सक्रियता को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।
इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भाषण देते हुए उसने स्वीकार किया कि जैश के आतंकी रावलाकोट में मौजूद हैं। इनमें पुलवामा और संसद हमले से जुड़े आतंकियों के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
मसूद ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि वह पाकिस्तान सरकार, खुफिया एजेंसियों और गुलाम जम्मू-कश्मीर में आंदोलन चला रही जायंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा चुका है। उसने दावा किया कि जैश के सदस्य भी इस आंदोलन में शामिल हैं, लेकिन उन्होंने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ कोई हमला नहीं किया।
रावलाकोट में जैश के नेटवर्क की मौजूदगी स्वीकार की
जैश कमांडर ने दावा किया कि रावलाकोट में संगठन का आतंकी ढांचा सक्रिय है। उसने यह भी कहा कि जैश के कुछ हथियारबंद सदस्य उसी समुदाय से जुड़े हैं, जिसके लोग जायंट अवामी एक्शन कमेटी के बैनर तले विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
मसूद के अनुसार, मुजफ्फराबाद और रावलाकोट में प्रदर्शनों के दौरान जैश कैडर की भागीदारी को लेकर पैदा हुई स्थिति पर चर्चा करने के लिए उसने पाकिस्तानी सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात की थी।
इससे पहले दैनिक जागरण ने अगस्त 2026 में अपनी रिपोर्ट में बताया था कि पाकिस्तान सरकार ने गुलाम जम्मू-कश्मीर में आंदोलनकारियों से बातचीत के लिए मसूद इलियास कश्मीरी को मध्यस्थ बनाया था।
अपने भाषण में उसने पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठान पर आरोप लगाया कि शीर्ष स्तर पर बैठे लोग जायंट अवामी एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलाकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की योजना बना रहे हैं।
‘हमारा जिहाद सिर्फ भारत के खिलाफ’
मसूद ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों पर हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उसने रेंजर्स के जवानों की हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारियों से जैश के ऐसे किसी सदस्य का नाम बताने को कहा गया था, जो इन घटनाओं में शामिल हो। हालांकि, उसके मुताबिक अधिकारियों ने जिन लोगों के नाम बताए, वे सभी प्रदर्शन स्थलों पर मौजूद थे।
उसने दलील दी कि जैश के सदस्य गुलाम जम्मू-कश्मीर के निवासी होने के कारण प्रदर्शनों में शामिल हैं। साथ ही उसने स्पष्ट किया कि संगठन का जिहाद पाकिस्तान के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत के खिलाफ है। उसने कहा कि उनका लक्ष्य कश्मीर जिहाद को सफल बनाना है।
ISI पुराने आतंकी नेटवर्क को सक्रिय करने में जुटी
दूसरी ओर, खुफिया सूचनाओं के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठनों और उनके सहयोगी नेटवर्क के खिलाफ बढ़ती कार्रवाई के बीच पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI निष्क्रिय आतंकी संगठनों को फिर से खड़ा करने की रणनीति पर काम कर रही है।
इस योजना के तहत पहले सक्रिय रहे संगठनों के पूर्व सदस्यों से संपर्क साधकर उनके पुराने नेटवर्क को दोबारा मजबूत करने की कोशिश की जा सकती है।
खुफिया आकलन में जम्मू-कश्मीर में पहले सक्रिय रहे 19 आतंकी संगठनों का जिक्र है। इनमें कश्मीर जिहाद फोर्स (KJF) और तहरीक-ए-जिहाद (TEJ) जैसे संगठन फिलहाल निष्क्रिय बताए गए हैं। आशंका है कि इनके पुराने सदस्यों, स्थानीय संपर्कों और अनुभव का इस्तेमाल नए आतंकियों की भर्ती के लिए किया जा सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि निष्क्रिय संगठनों को दोबारा सक्रिय करने के पीछे आतंकी गतिविधियों के वास्तविक संचालकों की पहचान छिपाना भी एक उद्देश्य हो सकता है। इससे अलग-अलग आतंकी संगठनों के नेटवर्क और उनके बीच संबंधों की जांच अधिक जटिल हो सकती है।
Comments are closed.