उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर आज SC में सुनवाई, फैसले पर टिकी निगाहें

0

उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा।

दोनों ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को शीर्ष अदालत में चुनौती दी है, जिसमें फरवरी 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़ी कथित साजिश के मामले में यूएपीए के तहत उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं। सुप्रीम कोर्ट की वाद सूची के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ, जिसमें न्यायमूर्ति जायमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना शामिल हैं, मामले की सुनवाई कर सकती है।

शीर्ष अदालत में दाखिल याचिकाओं में दोनों ने अभियोजन पक्ष की कार्यवाही में देरी को जमानत का आधार बनाया है। उनका कहना है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों के बयान दर्ज कराने और उनसे पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में सफल नहीं हुआ है। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी समाप्त होने के करीब है।

शरजील इमाम की याचिका के मुताबिक, इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसमें कुल 18 आरोपित मुकदमे का सामना कर रहे हैं। अभियोजन पक्ष ने सुनवाई के दौरान 900 से अधिक गवाह पेश करने की बात कही है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह भी शामिल हैं।

वहीं, उमर खालिद ने भी अपनी याचिका में संरक्षित गवाहों से पूछताछ नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उनका तर्क है कि मुकदमे की कार्यवाही में हो रही देरी और गवाहों की लंबी सूची को देखते हुए उन्हें जमानत पर रिहा किया जाना चाहिए।

इस सुनवाई पर दोनों आरोपितों के साथ-साथ मामले की कानूनी कार्यवाही पर नजर रखने वालों की निगाहें टिकी हैं।

Comments are closed.