खाड़ी क्षेत्र में हमलों पर भारत की चिंता, जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री से जताया विरोध

0

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बातचीत की और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर भारत की ओर से कड़ा विरोध दर्ज कराया।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने रूबियो से बातचीत में खाड़ी में हुए उन हमलों पर भारत की गंभीर आपत्ति दोहराई, जिनमें भारतीय नाविकों की जान गई। उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ इस तरह की घातक कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

इस मामले को लेकर विदेश मंत्रालय ने भी सख्त रुख अपनाया है। मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने अमेरिकी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन और चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले ऐसे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। जेसन मीक्स को इससे पहले बुधवार रात भी तलब किया गया था।

यह घटना 10 जून को ओमान तट के पास हुई, जब पलाऊ में पंजीकृत टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर कथित हमला हुआ था। जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों में से 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि तीन की मौत हो गई। मृतकों में डेक कैडेट आदित्य शर्मा, फिटर शिवानंद चौरसिया और चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश शामिल हैं।

इससे पहले 8 जून को ‘मारिवेक्स’ और 11 जून को ‘जलवीर’ जहाजों पर भी हमलों की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें 40 से अधिक भारतीय नाविकों की जान जोखिम में पड़ गई थी।

Comments are closed.