लद्दाख के कारगिल में बुधवार से पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने केंद्र का उद्घाटन किया।
अब कारगिल के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए लेह या श्रीनगर की लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। कारगिल में पासपोर्ट केंद्र खोलने की मांग कई वर्षों से उठ रही थी। वर्ष 2017 में विदेश मंत्रालय ने लेह में लद्दाख का पहला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू किया था। उससे पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए लद्दाख के लोगों को श्रीनगर जाना पड़ता था।
कारगिल में शुरू हुआ यह केंद्र लद्दाख का दूसरा और देश का 457वां पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र है। इसे विदेश मंत्रालय ने डाक विभाग के सहयोग से कारगिल पोस्ट ऑफिस में स्थापित किया है। इससे कारगिल, जंस्कार और द्रास क्षेत्र के लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
केंद्र शुरू होने से हज और उमराह के लिए सऊदी अरब जाने वाले लोगों के साथ-साथ विदेश में शिक्षा, रोजगार और अन्य उद्देश्यों से यात्रा करने वाले युवाओं को भी सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि कारगिल में पासपोर्ट सेवा केंद्र की शुरुआत नागरिक सुविधाओं को लोगों के घर के करीब पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि दूरदराज और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में जरूरी सेवाओं की उपलब्धता सरकार के ‘ईज ऑफ लिविंग’ के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि यह केंद्र दूरदराज और कम सेवा वाले क्षेत्रों तक पासपोर्ट सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ, नागरिक-केंद्रित और प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम में लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा, कारगिल स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून तथा विदेश मंत्रालय, डाक विभाग और लद्दाख प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments are closed.