जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार (29 सितंबर, 2026) को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का मोस्ट वांटेड आतंकवादी सुलेमान शाह उर्फ ‘मूसा’ मारा गया।
हालांकि, चिनार कोर ने आतंकी की पहचान आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की है, अधिकारियों ने उसकी पहचान मूसा के रूप में की है। सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद मध्य कश्मीर के कोराग-यूसमर्ग इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षाबलों की चुनौती पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान दूधपथरी के दूरदराज और घने जंगल वाले इलाके में मूसा मारा गया। इलाके में अभी भी सुरक्षा बलों का ऑपरेशन और तलाशी अभियान जारी है।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, मूसा पिछले कई वर्षों से पीर पंजाल रेंज के दोनों ओर हुई कई आतंकी घटनाओं के मामले में वांटेड था। बताया गया है कि वह सितंबर की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों को चकमा देकर भागने में सफल रहा था।
5 सितंबर को हुई उस मुठभेड़ में मूसा का करीबी सहयोगी यासिर मारा गया था। अधिकारियों के अनुसार, मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक महत्वपूर्ण झटका है।
Comments are closed.