सड़क चौड़ीकरण के लिए दयालपुर में दूसरे दिन भी चला बुलडोजर, 10 और अवैध मकान ढहाए
पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पुलिस की मौजूदगी में 10 और अवैध मकानों को ध्वस्त किया। इससे पहले बुधवार को करीब 25 निर्माणों के अवैध हिस्सों पर कार्रवाई की गई थी।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान करावल नगर रोड को चौड़ा करने की योजना के तहत चलाया जा रहा है। भजनपुरा से शिव विहार तक जाने वाले इस मुख्य मार्ग को 80 फीट चौड़ा किया जाना है, ताकि इलाके में बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके और लोगों को जाम से राहत मिल सके।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माणों के कारण मार्ग वर्षों से संकरा हो गया था, जिससे रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लगता था। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस बल की तैनाती के बीच अभियान बिना किसी बाधा के जारी रहा।
एमसीडी के अनुसार, प्रभावित लोगों को पहले ही नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होने पर निगम ने ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया।
171 अवैध निर्माणों को हटाने की तैयारी
क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि सड़क किनारे बने कुल 171 अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने के बाद इस मार्ग पर डीटीसी बस सेवा दोबारा शुरू करने की योजना है, जिससे स्थानीय निवासियों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण अभियान पूरा होने के बाद सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इन कदमों से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और शहरी बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार होगा।
Comments are closed.