Air India Express का बड़ा एक्शन, ब्रेथलाइजर जांच में देरी पर 8 क्रू मेंबर्स निलंबित

2

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने दुबई-अमृतसर उड़ान से जुड़े आठ क्रू मेंबर्स को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है।

कार्रवाई अनिवार्य पोस्ट-फ्लाइट ब्रेथ एनालाइजर प्रक्रिया में हुई देरी के बाद की गई। घटना 2 अगस्त 2026 की है, जब दुबई से अमृतसर पहुंची फ्लाइट के क्रू ने निर्धारित समय सीमा के भीतर पोस्ट-फ्लाइट डिक्लेरेशन जमा नहीं किया।

विमानन नियमों के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ान के बाद क्रू को लैंडिंग के दो घंटे के भीतर आवश्यक डिक्लेरेशन और संबंधित प्रक्रिया पूरी करनी होती है। हालांकि, इस मामले में डिक्लेरेशन तय समय से 35 मिनट देर से, यानी लैंडिंग के करीब 2 घंटे 35 मिनट बाद जमा किया गया।

देरी के बाद सभी क्रू की जांच

निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होने के बाद एयरलाइन के सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उड़ान में शामिल सभी आठ क्रू मेंबर्स का साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन को लेकर मेडिकल टेस्ट कराया गया।

सूत्रों के मुताबिक, सभी सदस्यों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। जांच में किसी भी क्रू मेंबर के नशीले या साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन की पुष्टि नहीं हुई।

DGCA को भेजी गई रिपोर्ट

टेस्ट रिपोर्ट सामान्य होने के बावजूद एअर इंडिया एक्सप्रेस ने प्रक्रिया में हुई देरी को गंभीरता से लिया। एयरलाइन ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी सौंप दी है।

इसके बाद कंपनी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उड़ान में शामिल सभी आठ क्रू मेंबर्स को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। एयरलाइन की कार्रवाई का आधार ब्रेथ एनालाइजर प्रक्रिया से जुड़ी निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होना बताया गया है।

Comments are closed.